Saharanpur: चिकन के पैसे मांगे तो मार दी गोली, मात्र 160 रुपए के लिए दुकानदार की निर्मम हत्या
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मात्र 160 रुपए के लिए एक बदमाश ने दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। हिस्ट्रीशीटर ने पहले गोली मारी फिर ईंट से दुकानदार का सिर कुचल दिया और फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए 12 घंटे के अंदर ही आरोपी हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया।
160 रुपए मांगने पर हुआ विवाद
बता दें कि पूरा मामला सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र अंतर्गत हुसैन बस्ती के बेहट रोड का है। यहां 30 वर्षीय शालू आलम चिकन फ्राई की दुकान चलाते थे। जानकारी अनुसार 5 दिन पहले खान आलमपुरा का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर वसीम उर्फ मॉडल जोन चिकन फ्राई की दुकान पर आया था। उसके साथ कुछ साथी भी थे। चिकन खाने के बाद वसीम से जब 160 रुपए मांगे गए तो उसकी बेटे शालू आलम से कहासुनी हो गई। लेकिन वह बिना पैसा दिए ही चला गया।

पहले गोली मारी फिर सर कुचला, मौत
मृतक दुकानदार के पिता बताते हैं कि बदमाश से हुई कहासुनी के बाद बदमाश खुद अपना ही सर फोड़कर थाने पहुँच गया था। वहीं उस दिन की घटना के बाद बदमाश वसीम मंगलवार देर रात अपने कुछ साथियों के साथ आया और शालू आलम पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही शालू जमीन पर गिर गया। बदमाश यहीं पर नहीं रुका, बल्कि गोली मारने के बाद उसने ईंट से शालू का सर भी कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
बदमाश और पुलिस का एनकाउंटर
वहीं, गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और फौरन घायल को नजदीकी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की धर पकड़ के लिए फौरन टीम लगाई और एनकाउंटर के दौरान उसे पकड़ लिया। जानकारी अनुसार आरोपी बदमाश पहले भी कई जगह पर इसी प्रकार से लड़ाई कर चुका है। उसके ऊपर लगभग 52 मुकदमे दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications