सहारनपुर: स्कूल जा रही दसवीं की छात्रा पर एसिड अटैक, आईसीयू में भर्ती
Saharanpur news, सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर में दसवीं की छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। एसएसपी का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।

एसिड पड़ते ही जमीन पर गिर पड़ी छात्रा
मामला सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र का है। थाना मंडी क्षेत्र के रायवाला निवासी मोबिन की 16 वर्षीय बेटी नबीहा देहात कोतवाली के चिलकाना रोड स्थित ब्राउनवुजड पब्लिक स्कूल में दसवीं की छात्रा है। रोज की तरह तरह बुधवार की सुबह एक्टिवा पर स्कूल जा रही थी। बताया जाता है कि जैसे ही वो लार्ड महावीरा एकेडमी से थोड़ा आगे पहुंची, तभी पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उस पर एसिड फेंक दिया। एसिड अटैक होते ही छात्रा सड़क पर गिर पड़ी। जब तक लोग इक्ट्ठा हुए हमलावर फरार हो गये। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने छात्रा को तुंरत अस्पताल पहुंचाया।

आईसीयू में चल रहा छात्रा का इलाज
छात्रा पर एसिड अटैक की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। एसएसपी दिनेश कुमार पी, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ इंदु सिद्धार्थ, देहात कोतवाली प्रभारी पवन कुमार चौधरी, जनकपुरी थाना प्रभारी सुशील दूबे जिला अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने छात्रा की हालत के बारे में जानकारी करने के साथ ही अस्पताल के अधिकारियों को समुचित उपचार के निर्देश दिए। छात्रा को आईसीयू में रखा गया है।

जल्द गिरफ्त में होंगे हमलावर: एसएसपी
एसएसपी ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है। छात्रा से मिली जानकारी के आधार पर हमलावरों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मोहल्ले के दो युवकों पर लगाया आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसके मोहल्ले के दो युवक पिछले काफी समय से उसे परेशान कर रहे थे। उसकी मां ने युवकों के परिजनों से भी इसकी शिकायत की थी। छात्रा का आरोप है कि युवकों ने ही उसके ऊपर एसिड फेंका है। छात्रा ने ठंड से बचने के लिए अपने चेहरे को स्कार्फ बांध रखा था। हमलावरों ने जिस समय उस पर एसिड फेंका तो वो स्कार्फ के कारण उसके चेहरे को नुकसान नहीं पहुंचा सका, लेकिन उसकी आंख में एसिड का असर बताया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications