कौन हैं लता वानखेड़े? पढ़िए पंचायत पंच से सांसद बनने तक का उनका सफ़र
Sagar Lok Sabha Seat Results: लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम के बाद सागर लोकसभा सीट एक बार फिर भाजपा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा को हराया है।
निर्वाचित भाजपा प्रत्याशी लता वानखेड़े ने इस सीट पर 4 लाख 69 हजार से अधिक मतों से जीतकर अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सागर लोकसभा के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है।

लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर डॉक्टर लता वानखेड़े सागर लोकसभा सीट की दूसरी महिला सांसद बनी हैं। इससे पहले सागर सीट से पहली महिला सांसद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सहोद्रबाई राय बनी थी। वे पहला चुनाव 1957 में जीतीं थी। वहीं 1980 का लोकसभा चुनाव भी जीतकर सांसद बनी थीं। जिसके बाद से सागर में कोई भी महिला सांसद नहीं बन पाई। अब 44 साल बाद भाजपा की डॉक्टर लता वानखेड़े चुनाव जीतकर सागर की दूसरी महिला सांसद बनी हैं।
कौन हैं लता वानखेड़े?
नवनिर्वाचित सांसद लता वानखेड़े का जन्म 24 फरवरी 1970 में हुआ था। वर्ष 1991 में उनकी शादी नंदकिशोर उर्फ गुड्डू वानखेड़े से हुई थी। लता वानखेड़े ने पत्रकारिता, अर्थशास्त्र और समाज शास्त्र विषय में पीजी किया है। इसके अलावा ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक उत्थान में पत्रकारिता की भूमिका पर पीएचडी की है। डॉक्टर वानखेड़े वर्ष 1995 में राजनीति में सक्रिय हुईं।
उन्होंने 1995 में ग्राम पंचायत मकरोनिया बुजुर्ग (वर्तमान में मकरोनिया नगर पालिका हो गया) से पंच पद का चुनाव लड़ा और जीतीं। यहां से 5 साल तक पंच रहने के बाद वर्ष 2000 में उन्होंने मकरोनिया बुजुर्ग ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ा और जीत अपनी सुनिश्चित की। जिसके बाद वह लगातार तीन बार 2015 तक सरपंच रहीं।
जानिए 2019 के क्या थे परिणाम?
लोकसभा चुनाव 2019 में राजबहादुर सिंह ने कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर को तीन लाख 5 हजार वोटो से हराया था। भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार राजबहादुर सिंह ने कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर को बड़ी मार्जिन से चुनाव हराया था। प्रभु सिंह ठाकुर को 3,40,689 वोट मिले जबकि राजबहादुर को 646,231 वोट मिले थे. 2014 में यहां से भाजपा की लक्ष्मी नारायण यादव ने गोविंद सिंह राजपूत को हराया था। तब लक्ष्मी नारायण यादव को 482,580 वोट मिले थे जबकि राजपूत को 3,61,843 वोट मिले।












Click it and Unblock the Notifications