Sagar: खुरई में मध्यान्ह भोजन करते ही 37 बच्चे बीमार, उल्टी के बाद चक्कर खाकर गिर गए
मंत्री भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई के गोलनी गांव स्थित माध्यमिक शाला में बच्चों को मध्यान्ह भोजन से फूड पाइजनिंग हो गई। जिला प्रशासन ने बच्चों को एक-एक कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

खुरई के गोलनी गांव की माध्यमिक विद्यालय में बच्चों के फ़ूड पाइजनिंग से बीमार होने की जानकारी के बाद हड़कंप मच गया। मामला मंत्री के विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा था तो प्रशासन के कान खड़े हो गए। पूरा प्रशासन और स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग का महकमा बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने ओर इलाज की व्यवस्थाओं में जुट गया। बच्चों को पहले मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया बाद में एंबुलेंस से खुरई अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां इलाज के बाद बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रभारी कलेक्टर ने संभाली कमान, रात तक रुके रहे
प्रभारी कलेक्टर क्षितिज सिंघल ने अस्पताल में इलाजरत बच्चों के परिजनों से चर्चा कर जानकारी ली। वे दोपहर से देर शाम तक खुरई अस्पताल में ही रुके रहे। उन्होंने सागर और बीना से भी डॉक्टरों को खुरई बुलवा लिया। वे इलाज को लेकर डॉक्टरों से लगातार चचा करते रहे।
दूषित भोजन के सैंपल लिए, स्व सहायता समूह तत्काल निलंबित
प्रभारी कलेक्टर क्षितिज सिंघल ने बताया कि मध्यान्ह भोजन का खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सैंपल लिया गया है। साथ ही मध्यान्ह भोजन में उपयोग में होने वाले आटे का भी सैंपल लिया गया है। उन्होंने बताया कि तत्काल प्रभाव से मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले समूह को हटाकर पालक शिक्षक संघ को मध्यान्ह भोजन बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री सिंघल ने बताया कि सभी बच्चों का स्वास्थ्य ठीक है, चिंता की कोई बात नहीं है।
सभी बच्चे स्वस्थ हैं, कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए: भूपेंद्र सिंह
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह शाम को खुरई सिविल अस्पताल पहुंचे और गोलनी गांव के फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित बच्चों से मिले और उनके इलाज की उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देकर इस घटना की जांच कर, पूरे साक्ष्य जुटाने और तथ्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने बच्चों के परिजनों से चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि सभी 37 बच्चे स्वस्थ हैं और खतरे से बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications