MP: बड़ामलहरा में तेंदुए ने 7 मवेशियों का किया शिकार, बंडा में तार में फंस गया
छतरपुर जिले के बड़ामलहरा में एक मादा तेंदुआ दो शावकों के साथ देखी गई है। वन विभाग इसको तलाश कर रहा है। इधर सागर जिले के भरतपुर गांव में एक नर तेंदुआ तार फेंसिंग में बुरी तरह उलझ गया।

मप्र के सागर, छतरपुर जिले के सीमावर्ती इलाकों में जब-तब तेंदुए देखे जा रहे हैं। दोनों जिलों के सीमावर्ती बड़ामलहरा में बीते एक हफ्ते में कई दफा एक मादा तेंदुआ शावकों के साथ देखी गई है। इधर बंडा ब्लॉक के भरतपुर में एक नर तेंदुआ एक खेत में फेंसिंग के तारों में बुरी तरह उलझ गया। सूचना मिलने के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व व नौरादेही अभयारण्य से टीमों को रेस्क्यू करने के लिए बुलाया गया है।
Recommended Video

वन विभाग बंडा परिक्षेत्र के रेंजर आरके दुबे ने बताया कि भरतपुर बीट के पास स्थित विजय लोधी के खेत में तार की फेंसिंग लगी हुई है। सुबह उसने वन विभाग को सूचना दी थी कि फेंसिंग के कंटीले तारों में एक तेंदुआ फंसा हुआ है। तेंदुआ युवा है और आसपास इंसानों के दिखने के कारण काफी गुस्से में गुर्रा रहा है। आरके दुबे व थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को अलग किया और तेंदुए की सुरक्षा के लिए इलाके को खाली कराया था। इधर वन विभाग ने पन्ना टाइगर रिजर्व और नौरादेही अभयारण्य की टीमों को तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए बुलाया था। शाम तक टीमें मौके पर उसके रेस्क्यू में जुटी हुई थीं। तारों में उलझने के कारण तेंदुए के शरीर पर घाव बनने की आशंका भी जताई जा रही है।

बड़ामलहरा मादा तेंदुआ ने किया 7 मवेशियों का शिकार
बंड़ा-शाहगढ़ इलाके से सटे छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा इलाके में पश्चिमी वन बीट क्रमांक 51 में मादा तेंदुआ दो शावकों के साथ जंगल और आसपास के खेतों में नजर आ रही है। उसने 6 दिन में 7 पालतु जानवरों का शिकार भी कर लिया है। इसस कारण इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। एक चरवाहे की बकरी को तो वह चरवाहे के सामने ही जबड़े में दबाकर उठा ले गई। दो दिन में वाहनों के सामने भी आ चुकी है मादा तेंदुआ। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी अनुसार बड़ा मलहरा के बारगुरईया माता मंदिर के पास एक स्कूल वाहन के सामने तेंदुआ आ गया था, इसके ठीक एक दिन पहले टूडेवार के पास एक बोलेरो के सामने तेदुआ आ गया था। इसको लेकर इलाके में लोगों में दहशत बनी हुई है।
वन विभाग के पगमार्ग ही तलाश पाया है
इलाके में तेंदुआ की जानकारी लगते ही वन विभाग सतर्क हो गया है। दो टीमें चिन्हित इलाके में सर्चिंग में जुट गई है। हालांकि दो दिन में टीम को केवल तेंदुए के पगमार्क ही मिल सके हैं। तेंदुआ व शावक का अता-पता नहीं चल सका है। गांवों में मुनादी करवाकर सतर्क रहने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications