Sagar: भाजपा नेता नीरज शर्मा ने पार्टी से दिया इस्तीफा, पूर्व जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं, कांग्रेस में जाएंगे
सागर में भाजपा नेता नीरज शर्मा का इस्तीफा, कांग्रेस में जाएंगे
Madhya Pradesh में भाजपा नेताओं का पार्टी से इस्तीफा देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में राहतगढ़ जनपद अध्यक्ष रहे भाजपा नेता नीरज शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। नीरज शर्मा ने क्षेत्र में खुद को उपेक्षित बताते हुए इस्तीफे में लम्बी-चौड़ी इबारत लिखी है।

बुंदेलखंड इलाके में निवाड़ी में भाजपा नेत्री व जनपद सदस्य रोशनी यादव के इस्तीफे के बाद अब सागर जिले में भी इस्तीफों का दौर शुरू हो गया हैं। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में पूर्व जनपद व नगर परिषद अध्यक्ष रह चुके नीरज शर्मा ने बुधवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी स्तर पर खुद को उपेक्षित बताया है। बता दें कि नीरज शर्मा पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। बता दें कि सुरखी से विधायक व प्रदेश के मंत्री गोविंद राजपूत से उनके लंबे समय से मतभेद हैं, इसी कारण पार्टी में वे लगातार उपेक्षित थे। अपने इस्तीफे में उन्होंने काफी गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
प्रदेशाध्यक्ष को भेजा इस्तीफा, जल्द ही कांग्रेस ज्वाइन करेंगे
नीरज शर्मा ने अपने इस्तीफे में खुद को उपेक्षित होने और इलाके में लगातार उन पर मिथ्या आरोप लगाकर छवि धूमिल करने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा सीधे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा को भेजा है। बता दें कि नीरज शर्मा के जल्द ही कांग्रेस ज्वाइन करने की बात कही जा रही है। वे भोपाल में अपने समर्थकों के साथ आगामी दिनों में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। बता दें कि उनके पहले सुरखी विधानसभा से ही पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष रहे व भाजपा के वरिष्ठ सदस्य माने जाने वाले राजकुमार सिंह धनौरा भी भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications