पन्ना में खेरमाई मंदिर के पास पति-पत्नी को मारकर खा गया आदमखोर भालू
पन्ना। 5 जून
मप्र के पन्ना शहर के निकट खेरमाई मंदिर के पास एक जंगली भालू ने दर्शन करने पहुंचे दंपति पर हमला सुबह कर दिया। एक-दूसरे को बचाने के फेर में पति-पत्नी दोनों भालू का शिकार बन गए। भालू दोनों के शरीर को करीब 5 घंटे तक नोच-नोच कर खाता रहा और आसपास मौजूद लोग बेबसी से देखते रहे। बाद में पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम ने आदमखोर भालू को बेहोश कर काबू में किया।

जानकारी अनुसार पन्ना शहर के नजदीक खेरमाई मंदिर में दर्शन करने पहुंचे मुकेश राय और उनकी पत्नी गुडिया पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया। भारी-भरकम भालू से बचने के लिए दोनों ने प्रयास भी किए, लेकिन भालू ने दोनों को हमला कर मार दिया और करीब 5 घंटे तक उनके शवों को नोचता रहा। सूचना मिलने पर परिजन और आसपास के लोग मंदिर के पास पहुंचे तो भालू मुकेश और गुडिया के शवों को नोच रहा था। लोगों ने वन विभाग को घटना की सूचना दी, लेकिन 5 घंटे तक मौके पर कोई अधिकारी- कर्मचारी नहीं पहुंच सका था। जब टीम मौके पर पहुंची तब तक आदमखोर भालू आधे से ज्यादा शरीर नोच कर खा चुका था।
ट्रैंक्यूलाइज कर काबू में किया जा सका
पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम दोपहर में मौके पर पहुंची तो भालू को पहले जाल डालकर पकडने की प्लानिंग की गई, लेकिन यह कारगर न होने से उसे ट्रैंक्यूलाइज कर बेहोश करने का निर्णय लिया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद भालू को बेहोश कर पकड़ लिया गया, जिसके बाद मृतकों के शवों को बरामद किया जा सका। मौके पर काफी वीभत्स स्थिति थी। मुकेश राय एवं उसकी पत्नी गुड़िया के आधे से अधिक शरीर को बरामद किया जा सका।
भालू को चिडियाघर भेजेंगे, मृतकों के परिजन को सहायता
उत्तर वन मंडल के डीएफओ गौरव शर्मा ने बताया कि भालू को टाइगर रिजर्व में छोडा जाएगा। पहाडी और जंगली इलाका होने से वह आबादी की तरफ आ गया था। दूसरी ओर शासन के नियमानुसार 4 -4 लाख मृतकों के आश्रितों को आर्थिक मदद दी जाएगी और इस भालू को चिड़ियाघर भेजा जाएगा
वन विभाग की बडी लापरवाही, लोगों के नाराजगी
पन्ना में इस तरह की यह पहली घटना है जिसमें शहर के नजदीक इस तरह दो लोगों को एक भालू जिंदा खा गया और 5 घंटे तक मृत शरीर पर चहलकदमी करता रहा और नोचता रहा पर प्रशासन कुछ नहीं कर पाया। मामले को लेकर मृतकों के परिजन काफी गुस्से में हैं और मौके पर दोपहर में हंगामा भी किया था।












Click it and Unblock the Notifications