बकरीद से पहले दिल्ली सरकार अलर्ट! जानवरों की खरीद-बिक्री और कुर्बानी पर नजर रखने उतरी स्पेशल टीमें
Delhi Bakrid Guidelines 2026: बकरीद से पहले दिल्ली सरकार ने राजधानी में जानवरों की खरीद-बिक्री और कुर्बानी को लेकर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार ने सभी 13 जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगी कि त्योहार के दौरान पशु कल्याण नियमों का पूरी तरह पालन हो।
विकास मंत्री कपिल मिश्रा के निर्देश पर पशुपालन विभाग की ओर से इन टीमों का गठन किया गया है। मंगलवार को इन टीमों ने उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, उत्तर, मध्य, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम दिल्ली के कई बाजारों और इलाकों में निरीक्षण भी किया।

सरकार का कहना है कि अगर कहीं भी नियमों का उल्लंघन मिला तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को खास तौर पर पशुओं की ढुलाई, बिक्री और कुर्बानी से जुड़े मामलों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
किन चीजों पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस?
सरकार की एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि सार्वजनिक जगहों पर जानवरों की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सड़क, गली या खुले सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल अधिकृत स्थानों पर ही कुर्बानी दी जा सकेगी।
इन जानवरों की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक
- गाय
- बछड़ा
- ऊंट
- अन्य प्रतिबंधित पशु
मंत्री कपिल मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
मीट बिक्री और सफाई को लेकर भी सख्ती
सरकार ने बिना लाइसेंस वाले स्थानों पर मांस बेचने पर भी रोक लगाई है। साथ ही यह निर्देश दिया गया है कि जानवरों का खून और अवशेष नालियों या सीवर में नहीं डाले जाएं।
टीमें पशु व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और पशुपालकों को नियमों की जानकारी भी दे रही हैं ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
नियम टूटे तो कहां करें शिकायत?
दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं नियमों का उल्लंघन दिखे तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पीसीआर को सूचना दें।
बकरीद को लेकर इस बार प्रशासन का पूरा फोकस कानून व्यवस्था, साफ-सफाई और पशु कल्याण नियमों के पालन पर है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके।













Click it and Unblock the Notifications