सागर के शाहपुर में हुए हादसे पर कांग्रेस सख्त, पटवारी ने की पीड़ितों के लिए 11-11 लाख रुपए के मुआवजे की मांग
Sagar Congress news: मध्य प्रदेश के सागर के शाहपुर में हुए दीवार हादसे के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आज पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे। जहां सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रहे। पटवारी ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात के बाद सरकार से पीड़ित परिवारों के लिए 11 लाख रुपए के मुआवजे की मांग की।
पटवारी दोपहर बाद छतरपुर पहुंचे और वहां युवा कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

जीतू पटवारी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उचित व्यवस्था व डॉक्टर होते तो चार से पांच बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। इस हादसे के जिम्मेदारों को कड़ी सजा दी जाये। उन्होंने कहा कि बड़ी बस्ती होने के साथ-साथ आसपास तकरीबन 40 गांव आते हैं, इसी को दृष्टिगत रखते हुये शाहपुर में स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाए।

पटवारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे डॉक्टर की उपस्थिति होना चाहिए, क्षतिग्रस्त और जर्जर मकान गिराये जाये। उन्होंने कहा कि बड़ी बिडंवना है कि विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायक व खुद को मुख्यमंत्री का दावेदार बताकर 73000 मतों से चुनाव जीतने वाले 20 वर्षों से मंत्री गोपाल भार्गव के विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर में उचित स्वास्थ्य सुविधा न होना बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है, ऐसे में प्रतीत होता है कि या तो इनकी सरकार में चलती नहीं है या फिर वे अपना खजाना भरने में व्यस्त हैं।
पटवारी छतरपुर में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित जंगी प्रदर्शन में कांग्रेसजनों और नागरिकों को संबोधित करते हुये कहा कि प्रदेश में व्यापक पैमाने पर नर्सिंग घोटाला हुआ है जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ है। प्रदेश भ्रष्टाचार का हब बन गया है। शासकीय जमीनों के रिकॉर्ड में हेरा फेरी हुई, दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं लेकिन प्रदेश की मोहन सरकार मौन है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ही नहीं, यहां रेत माफिया, शिक्षा माफिया, स्वास्थ्य माफिया सहित विभिन्न तरह के माफियाओं की सरकार चल रही है। पटवारी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीवी श्रीनिवास और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन सिंह यादव के नेतृत्व में हजारों कांग्रेसजनों ने जंगी प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेतागण और हजारों की संख्या में कार्यकर्तागण छतरपुर के छत्रसाल चौराहे पर सभा होने के बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े तो प्रशासन द्वारा लगाये गये बेरीकेटो का सामना करना पड़ा, जिसे तोड़ते हुए कांग्रेसी आगे बड़े, एसपी ऑफिस के पास लगे बेरीकेट सामना करना पड़ा। कलेक्ट्रेट के सामने कांग्रेस नेताओं को पुलिस प्रशासन के अधिकारी ने आगे नहीं बढ़ने दिया। बड़ी मशक्कत के बाद कांग्रेसजनों ने अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को वीवी श्रीनिवास, मितेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ कुठाराघात कर रही है। नर्सिंग घोटाला, नीट और अन्य तरह की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर अपना पेट भर रही है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने कांग्रेसजनों पर वॉटर केनन की बौछार की, लाठी चार्ज कर और प्रदर्शनकारियों खदेड़ दिया, जिससे कई नेताओं को चोटें आई। पटवारी सहित सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications