रांची: झामुमो नेता सुबोधनंद तिवारी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
रांची। राजधानी रांची में झामुमो नेता सुबोधनंद तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने घटना को मुड़मा चौक के पास अंजाम दिया। सुबोधनंद तिवारी की हत्या के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौका-ए-वारदात का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना रांची के मांडर थाना क्षेत्र के मुड़मा गांव की है। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम सुबोधनंद तिवारी (50) मुड़मा चौक के निकट अपनी स्कार्पियो गाड़ी के निकट खड़े थे। इसी दौरान दो अलग-अलग पल्सर बाइक से पहुंचे पांच अपराधियों में से तीन बाइक से उतरे और उनके सिर में दो से तीन गोलियां मार दीं। इससे वे वहीं गिर गए। कोई कुछ समझ पता उससे पहले बदमाश मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। वहीं, घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
झामुमो नेता की हत्या की सूचना पर कई थानों की पुलिसफोर्स मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीण एसपी ऋषभ झा और खलारी डीएसपी मनोज कुमार ने मामले की जांच पड़ताल की। उन्होंने वहां पर लोगों से पूछताछ की। हालांकि, इस दौरान लोग अपराधियों के बारे में कुछ भी नहीं बता पाए। ग्रामीण एसपी ऋषभ झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या जमीन विवाद से जुड़ी लगती है। पुलिस हर बिंदु पर जांच में जुटी है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इसके लिए छापामारी कर रही है। विभिन्न थानों की पुलिस इसमें लगी है।












Click it and Unblock the Notifications