1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली प्रशांत बोस गिरफ्तार, पत्नी के साथ इलाज कराने पहुंचा था अस्पताल
रांची। नक्सलियों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सरायकेला-खरसावां पुलिस ने शुक्रवार को चांडिल एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली प्रशांत बोस उर्फ किशन दा उर्फ मनीष उर्फ बुढ़ा को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी पत्नी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। दरअसल, नक्सली प्रशांत बोस अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने चांडिल के एक अस्पताल में आया था। सूत्रों के मुताबिक चांडिल से इलाज कराकर वह एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर पश्चिम बंगाल की तरफ भाग रहा था।

पुलिस को अपने खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। फिलहाल पुलिस नक्सली दंपती से खुफिया जगह पर पूछताछ कर रही है। बता दें कि नक्सली प्रशांत बोस झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश व महाराष्ट्र में 100 से भी ज्यादा नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता है। प्रशांत बोस पर कई राज्यों में इनाम घोषित हैं। पारसनाथ से सारंडा तक प्रशांत बोस को माओवादी कै़डर कई नाम से जानते हैं।
हालांकि इस बीच एक बार उसकी मौत की खबर भी फैली थी। लेकिन बाद में कई नक्सलियों की गिरफ्तारी से यह बात साफ हो गई कि उसने जान बूझकर अफवाह फैलाई थी। प्रशांत बोस के पिछले दो दशकों से कभी पारसनाथ की पहाड़ियों, कभी हजारीबाग-बोकारो के झुमरा, कभी सारंडा तो कभी बूढ़ा पहाड़ पर मौजूद होने की सूचना मिलती रही थी।
हर बार वह पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाता था। हर बार वह पुलिस की घेराबंदी से बाहर निकलने में कामयाब रहा था। प्रशांत बोस पश्चिम बंगाल के 24 परगना का रहने वाला है। उसने टुंडी के नावाटांड़ की आदिवासी महिला शीला से विवाह किया था।












Click it and Unblock the Notifications