आजम खान के समधी के होटल पर गिरी गाज, आरडीए ने किया सीज
रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व सांसद आजम खान के समधी पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने रिजवान मोहम्मद खान का डायमंड रोड स्थित 'द प्लाजा' को सील कर दिया है। साथ ही कंपाउंडिंग का नक्शा भी खारिज कर दिया है। आरोप है कि उन्होंने नक्शे के विपरीत होटल का निर्माण कराया था। आरडीए की इस कार्रवाई के बाद खलबली मच गई है।

नक्शे के विपरीत है होटल का निर्माण
रामपुर विकास प्राधिकरण के सचिव बैजनाथ गुरुवार को पुलिस फोर्स के साथ डायमंड रोड स्थित होटल प्लाजा पहुंचे। होटल में काम कर रहे कर्मियों को बाहर निकाला और होटल को सील कर दिया गया। प्राधिकरण सचिव का कहना है कि होटल का निर्माण नक्शे के विपरीत कराया गया है। इस संबंध में तसलीम खान ने शिकायत की थी। जांच पड़ताल के बाद शिकायत सही पाई गई।

आजम के समधी हैं इस वजह से हुई कार्रवाई
होटल 1401 वर्ग मीटर में बना है। इस होटल का निर्माण सपा शासनकाल में हुआ था और इसका उद्घाटन भी तत्कालीन नगर विकास मंत्री आजम खां ने किया था। होटल स्वामी रिजवान मोहम्मद खान का कहना है कि रामपुर में ऐसे अनगिनत होटल और भवन हैं, जो कि नक्शे के विपरीत बने हैं। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ कार्रवाई सिर्फ इसलिए की गई, क्योंकि हम आजम खान के समधी हैं।












Click it and Unblock the Notifications