आजम की भैंस के अब कांग्रेस नेता की घोड़ी ढूंढेगी रामपुर पुलिस, जानिए कितनी है कीमत
रामपुर, 07 नवंबर: सपा सांसद आजम खान के डेयरी फार्म से 2014 में चोरी हुई भैंसें तलाश कर चर्चा में रह चुकी यूपी के रामपुर की पुलिस के पास अब कांग्रेस नेता की घोड़ी तलाशने की जिम्मेदारी आ गई है। दरअसल, कांग्रेस नेता हाजी नाजिश खान की घोड़ी शुक्रवार की रात से गायब है। काफी तलाश के बाद कांग्रेस नेता ने घोड़ी के चोरी का अंदेशा जताते हुए ट्विटर के माध्यम से एडीजी जोन बरेली को जानकारी भेजी। एडीजी ने मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर ली है।
Recommended Video

घोड़ी का नाम रानी, उम्र 4 साल, रंग काला, मुंह सफेद
मामला शहर कोतवाली इलाके का है। कांग्रेस के किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हाजी नाजिश खान की पालतू घोड़ी गायब हो गई है। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी पालतू घोड़ी रानी चोरी हो गई है, जिसकी उम्र 4 वर्ष है, रंग काला है और मुंह सफेद है। उनकी यह घोड़ी थाना कोतवाली इलाके के मोहल्ला तोपखाना गेट, हजरतपुर चौराहा पर जावेद लाला की चक्की के पीछे बांधी जाती थी। वहां से ही कोई इसे खोलकर ले गया है।

82 हजार रुपए में खरीदी थी घोड़ी, मानते थे परिवार का हिस्सा
कांग्रेस नेता का कहना है कि वह घोड़ी को अपने परिवार का हिस्सा मानते थे। उन्होंने इस घोड़ी को 82 हजार रुपए में खरीदा था। उसे बहुत प्यार से पाला जा रहा था। नाजिश खान ने काफी तलाश करने पर भी जब वह नहीं मिली, तो फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए घोड़ी बरामद करने की अपील की है। इस मामले में कोतवाल कृष्णऔतार ने कहा कि अभी मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा कुछ हुआ है तो घोड़ी को ढूंढा जाएगा।

आजम खान की भैंसे, डीएम का 'कुत्ता' ढूंढ चुकी है रामपुर पुलिस
बता दें, रामपुर पुलिस के बाद इससे पहले भी ऐसे कई मामले आ चुके हैं। 2014 में आजम खान की भैंसे ढूंढने की जिम्मेदारी तो रामपुर में डीएम रहे अमित किशोर का पालतू कुत्ता भी रामपुर पुलिस ने ढूंढ निकाला था। दरअसल, 31 जनवरी 2014 को तत्कालीन कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में रामपुर के सांसद आजम खान के पसियापुरा स्थित डेयरीफार्म से सात भैंसे चोरी हो गई थीं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर एक फरवरी को ही आजम की सातों भैंसें बरामद कर ली थीं। इस प्रकरण में तत्कालीन एसपी ने तत्कालीन चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया था। इसके अलावा रामपुर में डीएम रहे अमित किशोर का पालतू कुत्ता भी लापता हो गया था, जिसे पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला था।












Click it and Unblock the Notifications