आजम खान और रिटायर्ड पुलिस सीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज, किसानों की जमीन हथियाने का आरोप
रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व रामपुर से सांसद आजम खान और पूर्व सीओ आलेहसन खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आजम और आलेहसन पर किसानों की भूमि पर जबरदस्ती कब्जा करने का आरोप है। किसानों की शिकायत पर हुई जांच के बाद राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार ने थाना अजीमनगर में धारा 342, 447, 506 और 384 में मुकदमा दर्ज कराया है।

जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि सींगनखेड़ा में आलियागंज से करीब 26 किसान आए थे। इसके पहले भी वह शिकायत दे चुके हैं। चुनाव के दौरान भी शिकायत की गई थी। मामले में जांच के आदेश दिए गए। किसानों ने कुछ दिन पहले दोबारा आकर याद दिलाया कि उन्होंने जो शिकायत दी थी उस पर कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर एसडीएम को सौंपकर अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। डीएम ने बताया कि इससे पहले किसानों ने गाटा संख्या नहीं दी थी, जिसके चलते जांच में दिक्कत हो रही थी।

इस बार उन्होंने गाटा संख्या के साथ शिकायत दी है। जिसे खतौनी से चैक कराया गया और यह पाया गया कि यह जमीन किसानों के नाम है। उस जमीन की लोकेशन जौहर यूनिवर्सिटी के अंदर है। जौहर यूनिवर्सिटी में चारों तरफ दीवार बनाकर उस जमीन को अंदर कर लिया गया। डीएम ने कहा कि जांच के उपरांत किसानों के आरोप सही पाए गए। चूंकि, यूनिवर्सिटी के चांसलर आजम खान हैं। जबकि आले हसन के खिलाफ लोगों का आरोप था कि इन दोनों ने भूमि पर कब्जा किया है। इस संबंध में लोगों ने एफिडेविट भी सौंपा था। जांच के बाद आई रिपोर्ट के आधार पर राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार ने थाना अजीम नगर में धारा 342, 447, 506 और 384 के तहत केस दर्ज कराया है। डीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार के एंटी भू-माफिया पोर्टल पर दोनों की जानकारियां अपलोड की जाएंगी, जिसके बाद सरकार की ओर से निरंतर निगरानी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications