रामपुर : जेल में बंद आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED का छापा, शत्रु सम्पत्ति मामले की कर रही जांच
रामपुर, 11 मई: सपा विधायक आजम खान और उनके परिवार की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को पहले तो लखनऊ के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने आजम पर शिकंजा कसते हुए रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर छापा मारा। उधर, दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुनवाई पर न आने पर कोर्ट ने विधायक अब्दुल्ला और उनकी मां पूर्व सांसद डॉ तजीन फात्मा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिए। कोर्ट ने अब 16 मई की तारीख सुनवाई के लिए तय की है। बीजेपी नेता आकाश सक्सेना ने आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ अब्दुल्ला के प्रमाण पत्रों से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज कराए थे।
Recommended Video

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी का छापा
आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का छापा पड़ा है। ईडी की टीम जांच के लिए लखनऊ से रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी के कैंपस में पहुंची है। ईडी की टीम तहसीलदार प्रमोद कुमार के साथ आजम खान की यूनिवर्सिटी गई है। टीम के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक, राजस्व टीम 250 बीघा शत्रु संपत्ति के मामले की जांच करने जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची है। ईडी ने डीएम से आजम खान और उनसे जुड़े अन्य मामलों की रिपोर्ट तलब की थी। बुधवार को ईडी की टीम और रामपुर राजस्व विभाग के अधिकारी दोनों मिलकर यूनिवर्सिटी में शत्रु सम्पत्ति की जांच कर रहे हैं।
आजम को 87 मामलों में मिल चुकी है जमानत
बता दें, वक्फ बोर्ड की संपत्ति गलत तरीके से कब्जा करने के मामले में मंगलवार को आजम खान की जमानत याचिका मंजूर हुई थी। इस मामले में आखिरी बार पांच मई को सुनवाई हुई थी। तब फैसले को सुरक्षित रख लिया गया था, लेकिन अब सपा नेता को आखिरकार इस मामले में राहत दे दी गई है। आजम खान को अब तक 87 मामलों में जमानत मिल चुकी है। बीते महीने सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी थी। हाई कोर्ट ने मौलाना जौहर यूनिवर्सिटी के टेकओवर का आदेश यूपी सरकार को दिया था, जिसकी प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी, लेकिन फिलहाल उसपर स्टे रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications