रामपुर: कोरोना वॉरियर के मुंह में डाला सेनेटाइजर, इलाज के दौरान तोड़ा दम, वजह चौंकाने वाली
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए एक युवक गांव को सैनिटाइज करने गए था। इस दौरान गांव के ही पांच युवकों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया और उसका हाथ पैर पकड़कर मुंह पर कीटनाशक डाल दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Recommended Video

क्या है पूरा मामला
घटना रामपुर के भोट थाना क्षेत्र के पेमपुर गांव की है। गांव निवासी जब्बार ने 14 अप्रैल को सैनिटाइज दवा का छिड़काव करने के लिए कुछ लोगों को बुलाया था। इनमें मुतियापुरा गांव का 21 वर्षीय कुंवरपाल पुत्र राम प्रसाद और हुलासी भी दवा का छिड़काव करने पेमपुर गांव गए थे। वे सभी स्प्रे मशीन लेकर गांव में दवा का छिड़काव करने लगे। कुंवरपाल स्प्रे करते हुए गांव के इंद्रपाल के घर के पास पहुंच गया। आरोप है कि छिड़काव करते समय अचानक इंद्रपाल सामने आ गया और उसके ऊपर दवा के छींटें पड़ गए। इस पर वह आगबबूला हो गया।

छींटें आने से थे नाराज था इंद्रपाल
इंद्रपाल ने कुंवरपाल को पीट दिया। इसके अलावा अपने चार साथियों को बुला लिया। उन्होंने कुंवरपाल के हाथ पैर पकड़ लिए। इसके बाद इंद्रपाल ने स्प्रे मशीन से उसके मुंह पर दवा का फौव्वारा चला दिया। शोर सुनकर युवक के गांव का हुलासी आ गया। उसने बचाया। परिजनों को जानकारी दी। परिजन आ गए। उसे पहले गांव में ही एक अस्पताल में दिखाया। बाद में बिलासपुर में एक निजी चिकित्सक के अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे मुरादाबाद के पाकबाड़ा स्थित डेंटल कॉलेज ले गए। वहां उसे आइसीयू में भर्ती कर लिया। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर यहां आ गए।

पुलिस ने दर्ज की FIR
कुंवरपाल की मौत के बाद घर के लोग उसके शव को लेकर भोट थाने पर पहुंचे और इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने उसके भाई की तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी धारा 147, 323 और 304 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications