तेंदुए का पहली बार राजकोट शहर में आतंक, 2 कुत्तों को मारने के बाद किया किसान पर हमला
तेंदुए का पहली बार राजकोट शहर में आतंक, 2 कुत्तों को नोंच खाने के बाद किया किसान पर हमला
Gujarat News, राजकोट। गुजरात में जंगली क्षेत्रों से निकलकर तेंदुए ने राजकोट शहर से कुछ ही दूरी पर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। तेंदुए ने पहली बार खेरडी रफाला की सीमा में घुसकर कुत्तों का शिकार किया और इसके बाद खेत में काम कर रहे किसान पर टूट पड़ा। तेंदुए की यह घटना राजकोट शहर से 11 किलोमीटर की दूरी पर सामने आई है।

संवाददाता के अनुसार, खेरडी रफाला क्षेत्र में किसान जगदीशभाई नागजीभाई काकड़िया हर रोज की तरह अपने खेतों की ओर निकले थे। उन्हें अपने नींबू के खेतों में पानी लगाना था। जैसे ही उन्होंने पानी की मोटर स्टार्ट की, तभी बगल वाले खेत में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। जगदीशभाई के सिर और हाथ तेंदुए ने जख्मी कर दिए। हालांकि, हो-हल्ला सुनकर आस-पास के लोग उधर दौड़ पड़े। जिसके बाद हड़बड़ाहट में तेंदुआ जगदीशभाई को छोड़ भागा।

वहां जाकर लोगों ने देखा कि जगदीशभाई से पहले तेंदुए ने पास ही में दो कुतों को नोंच खाया था। कुत्तों के शव क्षत-विक्षित अवस्था में पड़े थे। इस इलाके में पहली बार तेंदुए का हमला होने की जानकारी लगते ही स्थानीय लोगों में खौफ छा गया है।

सूचना पर पहुंचे वन विभाग अधिकारियों ने हमलावर तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए पिंजरा का इंतजाम किया गया है, जिसमें तेंदुए को पकड़कर ले जाया जाएगा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि तेंदुआ कुत्तों को शिकार बनाने और किसान पर हमला करने के बाद गायब हो गया है। अब वह कब और कहां हमला कर दे, यह तो उन्हें नहीं पता। जितना जल्दी हो सके, उसे वन विभाग द्वारा काबू में कर लेना चाहिए।
तेंदुए के हमले के बारे में घायल किसान ने बताया कि वन अधिकारी तेंदुए को पकड़ने की बात कह गए हैं। हालांकि देर रात तक खोजने के बावजूद तेंदुआ नहीं पकड़ा जा सका। वह संभवत: रेवन्यु क्षेत्र से आया था, लेकिन यहां उसके चलते दहशत फैली हुई है।












Click it and Unblock the Notifications