पाकिस्तानी जेल में बंद मछुआरे की मां बोली- दोनों मुल्कों के संबंध बेहतर हों, मेरा बेटा लौट आए
Gujarat News in hindi, गिर सोमनाथ। भारत-पाकिस्तान के बीच व्याप्त तनाव से गुजरात में उन परिवारों की चिंता बढ़ गई हैं, जिनके बेटे, भाई या पति पाकिस्तानी मरीन सिक्योरटी कैद कर ले गई थी। इन मछुआरों को अरब सागर में मछली पकड़ते वक्त पकड़ा गया था। मितियाज गांव में रहने वाली एक मां 65 वर्षीय जीविबेन कमलिया कहती हैं, दोनों मुल्कों के बीच संबंध फिर से बेहतर हो जाएं, ताकि वहां जेल में बंद उसका बेटा धीरू सुरक्षित घर लौट आए।'

बकौल जीवीबेन, ''बेटा धीरू (38 वर्षीय) परिवार का इकलौता कमाने का वाला सदस्य था। कुछ महीनों पहले पिता की मौत के ठीक चार दिन बाद धीरु अरब सागर में मछली पकड़ने गया था। जहां कुछ अन्य लोग भी समुद्र में मछली पकड़ रहे थे। तभी पाकिस्तानियों ने धीरु समेत सभी लोगों को अरेस्ट कर लिया।''
अब धीरु के नहीं होने पर उसकी पत्नी वासु अपने 3 बच्चों और सास को खिलाने के लिए मजदूरी करने के लिए मजबूर है। साथ ही यह भी सोचने वाली बात है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव ने एकमात्र जीवीबेन ही नहीं उन 500 परिवारों की चिंता भी बढ़ाई है, जिनके परिवार का सदस्य पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की जैलो में बंद हैं। इन परिवारों का जीवन दयनीय हो चुका है। इनमें से ज्यादातर परिवार अपने स्वजन का इंतजार कर रहे है। और उनके पास आजीविका का अन्य कोई साधन भी नहीं है। और ना ही उनको किसी भी प्रकार की सरकारी सहाय मिलती है।
भारत-पाकिस्तान शांतिमंच के कार्यकारी सदस्य जीवन जुंगी के मुताबिक, 'जब कभी दोनों देशों के बीच संबंध बिगड़ते हैं, गुजरात के मछुआरे ही इसका खामियाजा भुगतते हैं। वर्ष 2003 से लेकर आजत क 1000 से भी ज्यादा भारतीय मछुआरे पाकिस्तान की हिरासत में लिए गए और 500 से ज्यादा मछुआरे वहां अब भी जेल में बंद हैं। आने वाली 16 तारीख को ऐसे मछुआरों को वापस लाने के लिए हम पाकिस्तान का दौरा करने वाले थे।
मार्च में पाकिस्तान द्वारा 137 भारतीय मछुआरों रिहा किया जाने वाला था। लेकिन हाल ही में सीमा पार के घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच तनाव चरमसीमा पर पहुंच गया है। सीमाओं पर आए दिन घर्षण हो रहा है। ऐसे में अगले कुछ समय तक तो किसी भी भारतीय मछुआरे को वापिस लाना नामुमकिन हो गया है और हमारे पास भारत-पाकिस्तान के बीच संबंधों में सुधार होने तक इंतजार करने के सिवाय कोई चारा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications