राहुल का हाथ थामेंगे हार्दिक, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले- वो कांग्रेस का आदमी है, पहले से ही पता था
Gujarat News, राजकोट। गुजरात में पाटीदार आंदोलन से जुड़े अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवाणी राजनीति में उतरने के बाद विधायक बन गए। अब हार्दिक पटेल भी भाजपा के खिलाफ कांग्रेस में एंट्री लेकर अपना सियासी सफर शुरू करने जा रहे हैं। हार्दिक के नजदीकी लोगों ने बताया है कि वे 12 मार्च को राहुल गांधी की मौजूदगी में चुनाव लड़ने का ऐलान करेंगे। 12 मार्च को अडालज में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होने वाली है, जिसमें हार्दिक के भी शामिल होने के पूरे आसार हैं।

हार्दिक कांग्रेस का ही आदमी है, यह तो पहले से ही पता था
वहीं, हार्दिक के कांग्रेस में शामिल होने की बात को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पाटीदार नेता जितु वाघाणी ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा, ''समाज की भलाई के नाम पर आंदोलन चलने वाले हार्दिक का मूल एजंडा यही था। पिछले चुनावो में कम उम्र की वजह से वो लड़ नहीं पाया था। लेकिन उसने न सिर्फ कांग्रेस को समर्थन दिया था, बल्कि गांव-गांव जाकर कांग्रेस का प्रचार भी किया था। हम तो पहले भी बता रहे थे कि हार्दिक कांग्रेस का ही आदमी है। समाज के युवकों का भोग लेकर उसने राजनीती में प्रवेश किया है। समाज उसको कभी माफ़ नहीं करेगा।''
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग से होगी हार्दिक की शुरुआत?
पाटीदार अनामत आंदोलन के यह अगुआ क्या वाकई कांग्रेस ज्वॉइन कर रहे हैं, इसका पता इस बात से भी चलता है कि गुरुवार देर शाम को कोर कमेटी की बैठक में एक निर्णय लिया गया था। जिसमें हार्दिक पटेल के कांग्रेस वर्किंग कमेटी में पहुंचने की बात कही गई थी। अब यह बैठक 12 मार्च को गुजरात में ही हो रही है और इस मौके पर प्रियंका, सोनिया और राहुल गाँधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी मौजूद रहेंगे।

गुजरात की जामनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे?
वहीं, हार्दिक को लेकर हुई बातचीत के दौरान कोर कमेटी की बैठक में मनोज पनारा, गीता पटेल और ब्रिजेश पटेल समेत गुजरात और सौराष्ट्र के कन्वीनर मौजूद थे। उन्होंने ही हार्दिक को कांग्रेस से जुड़ने की राह साफ कराई। वहीं, पिछले कुछ महीनों से राजकोट और जामनगर में सभा करने वाले हार्दिक ने जामनगर से ही लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्णय कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications