गुजरात: नगर निगम चुनावों में भाजपा की बम्पर जीत, CM रुपाणी बोले- लोगों ने विकास चुना है
जूनागढ़। गुजरात में हुए नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 60 में से 51 सीटों पर जीत दर्ज की। जूनागढ़ से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। कांग्रेस महज एक ही सीट पर कब्जा कर पाई। जबकि, एनसीपी ने चार सीटों पर जीत हासिल कर ली। भाजपा ने इस चुनाव में पिछली बार के मुकाबले सात सीटें ज्यादा जीती हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की उपस्थिति में विजय सभा का आयोजन किया गया।

रुपाणी ने कहा जनता ने विकास को चुना है
बकौल रुपाणी, मतदान के दिन बारिश में भी लोग बूथों पर पहुंचे। अपना कीमती वोट भाजपा को देकर विकास की यात्रा में भरोसा जताया। जनता के इन वोट के बदले हम हर हाल में जूनागढ़ को विकास देंगे। जीते हुए नगरसेवकों को लोगों की सुख-सुविधा के लिए भी काम करना होगा।'
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए रुपाणी ने कहा, 'लोकशाही में लोगों का निर्णय सर्वोपरि होता है, लेकिन कांग्रेस अभी भी अपनी हार स्वीकारने के लिए तैयार नहीं है।''

निर्विरोध निर्वाचित हुए 3 सीटों पर उम्मीदवार
जेएमसी की कुल 60 सीटों में से 56 सीटों के लिए 21 जुलाई, रविवार को चुनाव हुआ था। जबकि तीन सीटों पर भाजपा उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन पत्र भरने के बाद भाजपा के प्रत्याशी को समर्थन दे दिया था। एनसीपी, चार सीटों पर आश्चर्यजनक जीत हासिल करते हुए दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप बनी है। कांग्रेस जूनागढ़ में नेतृत्व संकट से जूझ रही है क्योंकि चुनाव से ठीक पहले शहर कांग्रेस के अध्यक्ष विनू अमीपरा पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।

'नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व पर भरोसा'
भाजपा की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। राज्य भाजपा इकाई के अध्यक्ष जीतू वाघानी ने कहा कि हम इस शानदार जीत के लिए जूनागढ़ के लोगों के आभारी हैं। कांग्रेस ने केवल एक सीट जीती है, जिससे पता चलता है कि पार्टी लोगों के दिमाग से अब गायब हो रही है। जूनागढ़ के लोगों को नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व पर भरोसा है।'












Click it and Unblock the Notifications