भाजपाइयों को कभी कोरोना नहीं होता, बयान पर गुजरात के BJP विधायक ने दी अब सफाई, कही ये बात
राजकोट। "भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मेहनत-मजदूरी करते हैं, उन्हें कभी कोरोना नहीं होगा", ऐसा बयान देने वाले भाजपाई विधायक ने अब सफाई दी है। यहां राजकोट के विधायक गोविंद पटेल ने विवादास्पद बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जो लोग मेहनत करते हैं, उन्हें कोरोना नहीं होता है। वह बोले थे कि, चुनाव में भाजपाइयों ने कड़ी मेहनत की और अभी भी कर रहे हैं। इसलिए भाजपा के एक भी नेता-कार्यकर्ता को कोरोना नहीं होता।'

मैं अपने शब्दों को वापस लेता हूं: भाजपा विधायक
गोविंद पटेल का यह बयान तेजी से चर्चा का विषय बन गया। कांग्रेस और उनके अन्य विरोधी सवाल उठाने लगे। वहीं, मीडियाकर्मियों ने भी भाजपा आलाकमान से प्रतिक्रिया मांगी। पत्रकारों ने भाजपा नेताओं द्वारा मास्क न लगाने और लापरवाही बरतने को लेकर प्रश्न पूछे। अब गोविंद पटेल ने अपने उस बयान पर सफाई दी है। पटेल ने आज कहा, "मैं यह कहना चाहता था कि मजदूर कोरोना-वायरस से प्रभावित नहीं होते। लेकिन मैंने 'भाजपा' को भी उसी वाक्य में जोड़ दिया था। जो एक गलती है। मैं अपने शब्दों को वापस लेता हूं।"
राजकोट के भाजपा विधायक द्वारा यह कहना कि भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं को कोरोना नहीं होता, बयान वाकई हास्यास्पद है। खुद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी चुनाव के दौरान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, कोरोना से कई भाजपा नेताओं की जान भी जा चुकी है। अब कोविड वैक्शीनेशन प्रक्रिया के बावजूद गुजरात समेत 4 महानगरों में कोरोना बहुत तेजी से फैल रहा है। जिनमें राजकाेट भी शामिल है। इस जिले में कोरोना के रफ्तार को देखते हुए कलेक्ट्रेट में नोडल अधिकारी राहुल गुप्ता ने एक विशेष मीटिंग बुलाई थी। उस मीटिंग में एक्शन प्लान बनाने के लिए बात हुई थी। उसी दौरान राजकोट के भाजपा विधायक गोविंद पटेल ने विवादास्पद बयान दिया।












Click it and Unblock the Notifications