लिफ्टमैन की नौकरी का इंटरव्यू देकर लौट रहे 63 साल के शख्स को युवती ने हनीट्रैप में फंसाया
वडोदरा। गुजरात में वडोदरा के अक्षर उपवन में रहने वाले 63 साल के किरणभाई गढ़वी लिफ्टमैन का इंटरव्यू देने गए थे। वापस लौटते वक़्त उन्हें सामने टैंपो में बैठी एक युवती ने बुलाया। वह मदद करने पहुंचे। युवती के आग्रह करने पर उसे अपने एक्टिवा में बिठाकर छोड़ने जाने लगे। बाद में नीलांबर सर्किल के पास कार सवार चार लोगों ने एक्टिवा रोक ली। फिर, वे सभी किरणभाई को अगवा कर ले जाने लगे। कार में सवार एक शख्स ने खुद को एसओजी का पीआई चुडासमा बताया।

किरणभाई का कहना है कि बाद में चारों शख्स ने जबर्दस्ती उनके पर्स से 20 हजार रुपये निकाल लिए। फिर, रेप केस में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपयों की मांग करने लगे। जिसके चलते किरणभाई ने बेटे को बुलाने का बहाना किया। बाद में भी अपराधी उसको दो-तीन घंटे इधर-उधर घुमाते रहे और हेवमोर सर्किल छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, कुछ देर तक तो किरणभाई सुन्न होकर वहीं बैठे रहे। फिर उन्होंने गोत्री पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

किरणभाई की शिकायत मिलते ही पीसीबी और गोत्री पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। कुछ ही घंटे में वृतिबेन राजपूत, अमूल शिर्के, एरिक साहेब, विजय ठाकोर और सलीम शेख को दबोच लिया। हालांकि, इन पांचों में से तीन लोग प्राइवेट न्यूज चैनल से जुड़े होने की हकीकत सामने आई तो पुलिस चौंक गई। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications