Om Temple: राजस्थान के पाली में Jadan Ashram में बना विश्व का पहला ओम आकृति का शिव मंदिर
World's first Om Shaped shiv Temple jadan ashram Pali Rajasthan: इस सृष्टि के रचियता कहे जाने वाले त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु, महेश को 'ॐ' (ओम) का प्रतीक माना जाता है। ओम का निराकार स्वरूप धरती पर पहली बार राजस्थान में साकार हुआ है।
राजस्थान के पाली जिले की मारवाड़ तहसील के जाडन गांव में ओम की आकृति वाला शिव मंदिर लगभग बनकर तैयार है।10 फरवरी को ॐ मंदिर का लोकार्पण किया जाएगा। मुख्य समारोह 19 फरवरी को होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, पूजा-अर्चना और विशेष आकर्षण शामिल होंगे।

250 एकड़ में फैला है ओम आश्रम
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में ओम आश्रम जाडन के सचिव स्वामी फूलपुरी ने बताया कि विश्वदीप गुरुकुल में स्वामी महेश्वरानंद के आश्रम में ओम की आकृति वाले इस भव्य शिव मंदिर का निर्माण बीते 25 साल से जारी है। करीब 250 एकड़ में फैले आश्रम के बीचोंबीच इस मंदिर को बनाया गया है।

चार खंडों में विभाजित है ओम आकृति का शिव मंदिर
पाली के गांव जाडन स्थित ओम आकृति वाला यह शिव मंदिर चार खंडों में विभाजित है। एक पूरा खंड भूगर्भ में बना हुआ है जबकि तीन खंड जमीन के ऊपर हैं। बीचोंबीच स्वामी माधवानंद की समाधि है। भूगर्भ में समाधि के चारों तरफ सप्त ऋषियों की मूर्तियां हैं।

1995 में हुआ था शिलान्यास
ओम आश्रम जाडन पाली का निर्माण उत्तर भारत की नागर शैली स्थापत्य कला व वास्तु कला के आधार पर किया जा रहा है। करीब आधा किलोमीटर के दायरे में फैले ओम की आकृति के इस शिव मंदिर का निर्माण कार्य 1995 में शुरू हुआ था। उस वक्त शिलान्यास समारोह में देशभर से साधु संतों ने हिस्सा लिया था।

शिखर पर ब्रह्मांड की आकृति
राजस्थान के इस ओम आश्रम में भगवान शिव की 1008 अलग-अलग प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। मंदिर परिसर में कुल 108 कक्ष हैं। इसका शिखर 135 फीट ऊंचा है। सबसे बीच में गुरु महाराज स्वामी माधवानंद की समाधि है। सबसे ऊपर वाले भाग में महादेव का शिवलिंग स्थापित है। शिवलिंग के ऊपर ब्रह्मांड की आकृति बनाई गई है।

10 फरवरी को लोकार्पण
ओम आश्रम के सचिव स्वामी फूलपुरी के अनुसार विश्व के एकमात्र ओम आकृति वाले इस शिव मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। ओम आश्रम का उद्घाटन 10 फरवरी 2024 को होगा। देश के सबसे अनूठे ॐ आकृति वाले जाडन आश्रम में शिवायल के अलावा श्री माधवानंद योगा विश्वविद्यालय भी स्थापित किया गया है।
चार मंजिला इस इमारत में स्कूल-कॉलेज भी होंगे। इसका निर्माण विश्वदीप गुरुकुल ट्रस्ट की ओर से करवाया गया है। खास बात यह है कि आश्रम के निर्माण में धौलपुर का बंशी पहाड़ का पत्थर काम लिया गया है।
कैसे पहुंचें ओम आश्रम जाडन पाली राजस्थान
जाडन आश्रम पाली से गुजर रहे नेशनल हाई 62 पर सड़क किनारे स्थित है। इसका निकटवर्ती एयरपोर्ट जोधपुर है, जो करीब 71 किलोमीटर दूर है। जाडन आश्रम ट्रेन के जरिए भी पहुंचा सकता है।दिल्ली से अहमदाबाद के बीच चलने वाली ट्रेन में मारवाड़ जंक्शन तक का सफर करना होगा। मारवाड़ जंक्शन यहां से 23 किलोमीटर है। पाली-सोजत रूट पर चलने वाली बसों के माध्यम से भी जाडन आश्रम पहुंचा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications