उदयपुर में एक महीने के लिए धारा 144 लागू, पूरे राजस्थान में इंटरनेट सेवा बंद
उदयपुर, 29 जून। राजस्थान के उदयपुर में जिस तरह से टेलर की निर्मम हत्या की गई उसके बाद हालात यहां काफी तनावपूर्ण हैं। पूरे प्रदेश में इस हत्या के बाद लोगों में नाराजगी है। हालात को देखते हुए राजस्थान सरकार ने मंगलवार को पूरे उदयपुर में एक महीने के लिए धारा 144 को लागू कर दिया है। प्रदेश सरकार ने इस हत्या की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का भी गठन किया है। एसआईटी में एडीजी, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप अशोक कुमार राठौर, आईजी, एटीएस और एसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। हालात को देखते हुए पूरे प्रदेश में इंटरनेट को सस्पेंड कर दिया गया है।

उदयपुर के डिविजनल कमिश्नर राजेंद्र भट्ट ने लोगों से अपील की है कि वह शांति बनाए रखें। भट्ट ने कहा कि हम उदयपुर के लोगों से अपील करते हैं कि वह शांति को बनाए रखें, पीड़ित कन्हैया लाल के परिजनों को नौकरी दी जाएगी, परिवार को 5 लाख रुपए का मुआवजा भी दिया जाएगा। पूरे राजस्थान में पुलिस अलर्ट पर है। अजमेर के एसपी विकास शर्मा ने बताया कि हालात को देखते हुए पूरे शहर में धारा 144 को लागू कर दिया गया है। संगठनों की ओर से शांति मार्च के आयोजन को रोक दिया गया है। पुलिसवालों की छुट्टी को रद्द कर दिया गया है। हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि शांति व्यवस्था बनी रही रहे और जो भी इसे भंग करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के सूत्रों के अनुसार एनआईए की टीम यूएपीए एक्ट के तहत केस दर्ज करेगी। बता दें कि उदयपुर के मलदास इलाके में यह घटना घटी है, जहां टेलर कन्हैया लाल की कट्टरपंथियों ने हत्या कर दी। इस हत्या के बाद आरोपियों ने एक वीडियो को शेयर किया और इस नृसंश हत्या को उपलब्धि बताते हुए पीएम मोदी को धमकी दी है। इस मामले में दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि रियाज अख्तर ने कन्हैया लाल पर धारदार हथियार से हमला किया, जबकि घोष मोहम्मद ने फोन से रिकॉर्डिंग की।












Click it and Unblock the Notifications