मिलिए राजस्थान के 'जामताड़ा' के टॉप 12 साइबर ठगों से, जिन्होंने ठगी के रुपयों से बनाए आलीशान बंगले
Cyber Crime Bharatpur Rajasthan: साइबर ठगी के लिए देशभर में कुख्यात झारखंड के जामताड़ा के नक्शे कदम पर राजस्थान-हरियाणा का मेवात इलाका है, जिसमें राजस्थान का भरतपुर साइबर ठगों का गढ़ बनता जा रहा है। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने साइबर ठगों से निपटने के लिए धांसू प्लान बनाया है।
राजस्थान की भरतपुर रेंज पुलिस ने मेवात अंचल के कामां के 12 साइबर ठगों की पहचान की है, जिनके खिलाफ यूपी की योगी सरकार की तर्ज पर 'बुलडोजर' वाली कार्रवाई होगी। ये 12 वो साइबर ठग हैं, जिन्होंने ठगी के रुपयों से आलीशान बंगला-कोठी तक बनवा ली।

अब राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार इन साइबर ठगों के आलीशान बंगलों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी में है। भरतपुर पुलिस साइबर ठगों की संपत्ति की जानकारी जुटा रही है। कामां थाना पुलिस ने एसडीएम व तहसीलदार को 12 साइबर ठगों के नाम भेजे हैं। अब तहसीलदार इनके मकानों के खसरा नंबर, अचल संपत्ति का विवरण व परिवार जनों की संपत्ति की जानकारी जल्द देंगे।
राजस्थान के साइबर ठग
- इंसाफ
- आबिद
- मुप्फी
- अज्जी
- वाजिद
- साहिल
- अरसद
- सददाम
- भोपा
- मुकीम
- जहीर
- संकुल

क्या बोले सीएम भजनलाल शर्मा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साइबर ठगों पर कार्रवाई को लेकर राजस्थानद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान को संगठित अपराधियों से मुक्त बनाना है। जीरो टॉलरेंस की रणनीति से राजस्थान में माफिया का सांस लेने दूभर कर देंगे।
जामताड़ा को पीछे छोड़ रहा भरतपुर
पिछले साल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में शुरू स्टार्टअप 'फ्यूचर क्राइम रिसर्च फाउंडेशन' (FCRF) के अध्ययन की एक रिपोर्ट सामने आई, जिसमें खुलासा हुआ कि साइबर क्राइम में भरतपुर ने जामताड़ा को पीछे छोड़ दिया। FCRF के सह संस्थापक हर्षवर्धन सिंह के अनुसार उनकी टीम ने भारत के 10 जिलों पर केंद्रित अपनी नई 'ए डीप डाइव इनटू साइबर क्राइम ट्रेंड्स इम्पैक्टिंग इंडिया' रिपोर्ट तैयार की, जिसमें साइबर क्राइम के मामलों में भरतपुर को नंबर एक पर रखा है। ऑनलाइन ठगी में भरतपुर में जामताड़ा के अलावा नूंह और यूपी के मथुरा को पीछे छोड़ दिया है।
FCRF के अनुसार साइबर क्राइम में टॉप-10 जिले
- भरतपुर (18 प्रतिशत)
- मथुरा (12 प्रतिशत)
- नूंह (11 प्रतिशत)
- देवघर (10 प्रतिशत)
- जामताड़ा (9.6 प्रतिशत)
- गुरुग्राम (8.1 प्रतिशत)
- अलवर (5.1 प्रतिशत)
- बोकारो (2.4 प्रतिशत)
- कर्मा टांड (2.4 प्रतिशत)
- गिरिडीह (2.3 प्रतिशत)
मेवात में साइबर क्राइम की वजह
पूरा भरतपुर जिला साइबर क्राइम का गढ़ नहीं है बल्कि भरतपुर जिले के हरियाणा बॉर्डर से लगते कामां, पहाड़ी और नगर क्षेत्र इसके लिए कुख्यात हैं। यह इलाका हरियाणा-राजस्थान के मेवात का हिस्सा है। यहां पर ठगी कोई नई बात नहीं है। जाति विशेष के लोग कई पीढ़ियों से इसमें लिप्त हैं। पहले सोने की ईंटों, एक नोट के चार नोट बनाने के नाम पर ठगा करते थे और अब हाईटेक जमाने में ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications