बेटी की शादी टूटने पर बदमाशों ने बुजुर्ग के नाक कान काटे, समझौता वार्ता विफल रहने के बाद बढ़ी रंजिश
बाड़मेर, 14 सितम्बर। राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा पुलिस थाना इलाके के आदर्श सोनड़ी गांव में बेटी की शादी टूटने की सजा बुजुर्ग पिता को मिला है। बेटी के ससुराल पक्ष के लोगों ने रंजिशवश उसके पिता पर हमला कर उसके कान व नाक काट दिए, जिससे बुजुर्ग की हालत गंभीर हो गई है। उसे स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर जोधपुर रेफर करना पड़ा है।

सेड़वा थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक अचलाराम के अनुसार आदर्श सोनड़ी गांव के बुजुर्ग सुखराम बिश्नोई की बेटी की शादी पांच साल पहले गुड़ामालानी में हुई थी। कुछ समय बाद ही बुजुर्ग की बेटी व दामाद के बीच अनबन के चलते शादी टूट गई थी।
शादी टूटने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता हुई, जिसमें सुखराम नहीं माना और उसने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह कर दी। इस बात से बेटी के ससुराल पक्ष के लोग नाराज हो गए और सुखराम बिश्नोई के लिए रंजिश रखने लगे।
बाड़मेर की सेड़वा पुलिस के अनुसार सुखराम विश्नोई मंगलवार रात को अपने घर जा रहा था। इस दौरान 10-12 लोग गाड़ी में सवार होकर आए और सुखराम पर धारदार हथियारों व लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने सुखराम के नाम व कान काट दिए। आरोपियों ने उसका दाहिना पैर भी तोड़ दिया।
सुखराम पर हमले की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे लहूलूहान हालात में सेड़वा हॉस्पिटल लेकर गए। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सुखराम को बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर सुखराम को जोधपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सुखराम का जोधपुर में इलाज चल रहा है। ज्यादा खून बहने के कारण अभी सुखराम के बयान नहीं हो पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications