Rajasthan : 4 बैंकों में पिता का 40 लाख का बीमा करवाकर फर्जी क्लेम उठाने के लिए बेटे ने की हत्या
भरतपुर, 27 दिसम्बर। राजस्थान के भरतपुर में एक बेटे ने एक्सीडेंटल बीमा का फर्जी क्लेम उठाने के लिए अपने पिता की हत्या कर दी। वारदात की हकीकत जानकर हर कोई चौंक गया। हत्या 24 दिसम्बर की रात को की गई थी। अब पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात डीग के सदर थाना इलाके के नगला भधई गांव में हुई। यहां का मोहकम अपने पुत्र राजेश के साथ फरीदाबाद में रहता था। करीब चार महीने पहले राजेश ने अपने पिता मोहकम का चार अलग-अलग बैंकों में 40 लाख रुपये का एक्सीडेंटल बीमा कराया था। उसके बाद उसने इस बीमा का फर्जी क्लेम उठाने की योजना बनाई। इसके लिए मोहकम को गांव लाने का प्लान तैयार किया गया।
24 दिसंबर को राजेश योजनाबद्ध तरीके से अपने दोस्तों के साथ पिता को घर ला रहा था। शाम को रास्ते में राजेश ने अपने पिता और साथियों को पहले शराब पिलाई। उसके बाद डीग थाना इलाके के दिदावली गांव के पास मौका देखकर साथियों के साथ मिलकर हथौड़े से वारकर पिता की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। बाद में शव को सड़क किनारे फेंक दिया ताकि वह एक्सीडेंट की घटना लग सके।
वारदात को अंजाम देने के बाद राजेश और उसके साथी शराब के नशे में देर रात तक सड़क पर घूमते रहे। इस दौरान वे रात्रि गश्त कर रही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी बुगलाल मीना ने बताया कि 25 दिसंबर की सुबह पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिये सूचना मिली कि दीदावली गांव के पास एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस पूछताछ में वे पहले तो गुमराह करते रहे फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया।












Click it and Unblock the Notifications