लॉकडाउन में बाइक पर आया दूल्हा, 7 फेरे के बाद उसी पर हुई दूल्हन की विदाई
सीकर। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में तीन मई तक के लिए लॉकडाउन घोषित है। इस बीच अधिकांश शादियां निरस्त कर दी गईं हैं। जो शादी हो रही हैं, उनमें न केवल लॉकडाउन बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग के भी नियमों की पालना की जा रही है।

ऐसी ही शादी राजस्थान के सीकर जिले में हुई है, जिनमें दूल्हा बाइक पर सवार होकर पहुंचा और सात फेरों के बाद दुल्हन की विदाई भी बाइक पर हुई है। पूरे शहर में इस अनूठी शादी की चर्चा है। जानकारी के अनुसार सीकर के शेखपुरा निवासी कमल शर्मा की शादी सीकर की ही मेघा के साथ तय हुई। कोरोना संकट के चलते इस शादी में ना बारात थी और ना ही बैंड बाजा। बेहद सादगी से सारी रस्में सम्पन्न हुई और दूल्हा-दुल्हन एक दूसरे के हमसफर बन गए।

सोमवार शाम को दूल्हा कमल सेहरा बांधकर सज-धज कर और मास्क लगाकर अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचा। दूल्हे के साथ अन्य बाइक पर परिवार के सिर्फ चार लोग थे। बिना किसी भीड़ के शादी सम्पन्न हुई और मंगलवार सुबह बाइक पर ही दुल्हन की विदाई हुई।
इन्होंने भी की सादगी से शादी
कमल और मेघा की तरह सीकर के चांदपोल गेट के पास स्थित बियाणियों की गली के निवासी जुगल किशोर मिश्रा के बेटे मनीष ने लाडनूं निवासी बिंदु से शादी की। शादी में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोग शामिल हुए। इन्होंने भी सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा।












Click it and Unblock the Notifications