राजस्थान: बीड़ी फूंकने में ड्राइवर था व्यस्त, स्कूल बस जा फंसी अंडरपास में, इस तरह निकाले गए बच्चे
अजमेर। राजस्थान के अजमेर में पिछले 48 घंटों से बारिश हो रही है। इससे जगह-जगह पानी भरा हुआ है। पीपलाज के पास स्थित अंडरपास में भी पानी भर जाने तथा स्कूल बस चालक के लापरवाही के कारण इस बाढ़ में 20 स्कूली बच्चे फंस गए और उनकी जान आफत में आ गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सूझबूझ से बच्चों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला।

अजमेर के ब्यावर सदर थाना क्षेत्र के रानी सागर अंडरपास में सोमवार सुबह चालक की लापरवाही से खरवा स्थित सन ब्राईट स्कूल की बस पानी में फंस गई। बस में स्कूल के 20 बच्चे सवार थे। जब बस में पानी भरने लगा तब सभी बच्चों ने रोना और चिल्लाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही ब्यावर सदर थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए आश्वस्त किया।
ब्यावर सदर थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह जोधा ने बताया कि अंडरपास में अधिक पानी भरे होने से बस फंस गई। जेसीबी को मौके पर बुलवाकर बस का पीछे का शीशा तोड़ा गया और जेसीबी की बकेट में बैठाकर बच्चों को सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद बस को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।
बच्चों ने बताया कि बस पानी में फंसी हुई थी और चालक को जरा भी परवाह नहीं थी। बच्चे रो रहे थे, बच्चों को संभालना तो दूर चालक अपनी सीट पर बैठे बैठे बीड़ी फूंक रहा था। वहीं बच्चों ने यह भी कहा कि स्कूल प्रबंधन से कोई भी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा, जबकि एकबार तो उन्हें जान जाने का खतरा साफ दिख रहा था। बच्चों ने स्कूल प्रबंधन पर टीसी काटने की धमकी देने का आरोप भी जड़ा।
ये भी पढ़ें- यूपी: बीएचयू में लाठीचार्ज की बरसी पर आंदोलित हुए स्टूडेंट, एक बार फिर आमने-सामने हुए दो गुट












Click it and Unblock the Notifications