Bharatpur : पहाड़ियां बचाने को संतों का आंदोलन, एक साधु मोबाइल टावर पर चढ़ा, दूसरे ने लगाई आग
भरतपुर, 20 जुलाई। राजस्थान के भरतपुर जिले के खोह पुलिस थाना इलाके में पसोपा गांव के पास पहाड़ियों को बचाने के लिए साधु संत आंदोलन की राह पर हैं। बीते डेढ़ साल से इलाके की पहाड़ियों से खनन बंद कराने की मांग पर अड़े साधुओं में से एक साधु नारायण दास को मोबाइल टावर पर चढ़ा हुआ है। मंगलवार को दूसरे दिन भी वह नीचे नहीं उतरा। भरतपुर प्रशासन की समझाइश के बाद भी साधु टावर से नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।

साधु विजयदास ने लगाई आग
उधर, मंगलवार को ही एक दूसरे साधु विजयदास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग लगते देख वहां मौजूद पुलिस ने उसे पकड़कर आग बुझाई और भरतपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल बाबा की हालत गंभीर बनी हुई है। साधुओं के आंदोलन को देखते हुए भरतपुर जिला प्रशासन ने डीग, नगर, कामां, पहाड़ी और सीकरी तहसील में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है।

लिखित में आदेश मांगे
साधु की मांग है कि इलाके को वन क्षेत्र में घोषित करने और खनन बंद करने के लिखित में आदेश चाहिए। उसके बाद ही वो नीचे आने को तैयार होगा। यदि राजस्थान सरकार साधुओं की बात मानती है तो खनन कार्य बंद हो जाएगा।

दो दिन पहले सकारात्मक वार्ता हुई
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह और साधुओं की दो दिन पहले सकारात्मक वार्ता हुई थी, मगर उसके दूसरे दिन सुबह साधु नारायण दास वहां लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बाबा को समझाने की कोशिश में अधिकारी और मंत्री जुटे हुए हैं। मौके पर उच्च अधिकारी और करीब 15 पुलिस थाना का जाब्ता तैनात है।
कैबिनेट मंत्री तीन दिन से भरतपुर में
साधु बाबा नारायण दास के मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा ने आदेश जारी करते हुए नेट सेवा को बंद कर दिया है। कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह साधु संतों के आंदोलन को खत्म करने और उनसे वार्ता करने के लिए 3 दिन से भरतपुर जिले में हैं।

गलत रास्ता ना अपनाए साधु संत
पूरे मामले में कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह का कहना है कि साधु संतों की जो मांग थी उनको हमने पूरा कर दिया है। हम उनको लिखित में चिट्ठी दे देने को तैयार हैं, लेकिन जिस तरह से साधु-संत गलत रास्ता अख्तियार कर रहे हैं। वह स्वीकार नहीं है। साधु-संत सरकार पर अनैतिक दबाव बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications