Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मौसम का पलटवार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से हड्डियां गलाने वाली ठंड पड़ेगी
Rajasthan Weather Today: राजस्थान में इस साल नवंबर का मौसम सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा था। माउंट आबू में तो तापमान शून्य के करीब ही पहुंच गया था। हालांकि, दिसंबर का पहले सप्ताह सर्दी ने अपना पूरा कहर नहीं दिखाया। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय की तराई में अगले दो से तीन दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों और मरू प्रदेश पर भी पड़ेगा। कई मैदानी जिलों में खून जमा देने वाली सर्दी दस्तक देगी।
मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व दिशा से बर्फीली हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इन ठंडी हवाओं की वजह से तापमान तेजी से नीचे लुढ़केगा। अब लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास हो सकता है। हरियाणा-पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में भी इस सप्ताह के आखिरी तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

IMD Forecast: पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
- मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में आगामी दो-तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी।
- राज्य के 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। यह संकेत देता है कि सर्दी का असली दौर अब शुरू होने वाला है।
- कई स्थानों पर सुबह और देर शाम के समय ठंड में और अधिक बढ़ोतरी महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Rajasthan school holiday: राजस्थान के स्कूलों में सर्दी की छुट्टियों में बदलाव, जान लें नई तारीख
Rajasthan Weather Today: सर्द हवाओं के साथ रहेगा गलन का अहसास
राजधानी जयपुर में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हुई है। बीती रात शहर का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे सुबह-शाम की सर्द हवाओं ने गलन का एहसास बढ़ा दिया। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 10 सालों से तुलना करें, तो इस बार दिसंबर में सर्दी की रफ्तार थोड़ी धीमी रही है। अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते ही ठंड अपना जोर दिखाने वाली है। शहरवासियों को अब आने वाले दिनों में हाड़ कंपा देने वाली सर्द हवाओं के लिए तैयार रहना होगा। शेखावटी इलाके में पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है और चुरु, सीकर, लूणकणसर और फतेहपुर जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे जाने का अनुमान है।
Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग ने कोहरे का भी जारी किया अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान पर दिखाई देगा। न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होगी। खास तौर पर उत्तर, पूर्वी और मध्य राजस्थान के जिलों में ठंड का असर और अधिक बढ़ेगा। सुबह के समय कोहरे की स्थिति भी बन सकती है, जिससे जनजीवन और यातायात पर असर पड़ने की संभावना है। ठंड और कोहरे की वजह से विमान सेवाओं के अलावा रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
अगले कुछ दिनों में राजस्थान में कड़ाके की ठंड और गलन वाले दिन शुरू हो जाएंगे। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड को देखते हुए कोहरे के दौरान वाहन चलाते वक्त सतर्कता बरतने और बच्चों-बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें: Rajasthan Tourism: राजस्थान के पर्यटन उद्योग का Indigo ने भट्टा बैठाया, पीक सीजन में होटल और बाजार सूने












Click it and Unblock the Notifications