राजस्थान: बाइक चोरों ने पुलिस कांस्टेबल के सिर में गोली मारी, दो दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम
दौसा जिले में बाइक चोरी करके भाग रहे चोरों ने सिपाही प्रहलाद सिंह को गोली मार दी थी।
राजस्थान पुलिस के बहादुर कांस्टेबल प्रहलाद सिंह जिंदगी की जंग हार गए। दो दिन पहले सिर में गोली लगने के बाद उनका अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। गोली बाइक चोरों ने मारी थी। शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दौसा जिले के सदर पुलिस थाना में बुधवार सुबह सूचना मिली कि गांव कालाखोह में दो चोरों ने एक बाइक चोरी कर ली। इस पर सदर थाने के कांस्टेबल प्रहलाद सिंह मौके पर पहुंचे।

कांस्टेबल प्रहलाद सिंह ने चोरों का पीछा करना शुरू कर दिया था। इस पर अचानक एक चोर ने फायरिंग कर दी। गोली प्रहलाद सिंह के सिर में लगी, जिससे वे घायल हो गए।
गोली लगने के बाद कांस्टेबल प्रहलाद सिंह को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा वार्ड में भर्ती करवाया। वहां उनका इलाज चल रहा था। आज सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
गोली लगने के बाद कांस्टेबल प्रहलाद सिंह दो दिन से कोमा में थे। गुरुवार को डीजीपी उमेश मिश्रा और आला पुलिस अधिकारी भी एसएमएस अस्पताल गए थे। उनके परिजनों को ढांढस बंधाया था।












Click it and Unblock the Notifications