मंत्री ने ही उड़ाया गहलोत का मजाक, कहा-सीएम साहब आप कहेंगे तो चुनाव जिता दूंगा और हरा भी दूंगा
जयपुर। राजस्थान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल ने गुरुवार को बड़बोलेपन वाला बयान दिया। मेघवाल ने खुद को जरूरी बताते हुए दावा किया कि कांग्रेस को शेड्यूल कास्ट के वोट तो मास्टर भंवरलाल ही दिला सकता है। उसके बाद कहा, ''मैंने सीएम से बोला था कि मेरे जेब मैं तो कुछ है नहीं और आप काम कुछ करते नहीं।''
मेघवाल यहीं नहीं रुके। आगे बोले, ''मेरे पास मंडावा उप चुनावों में जाने के लिए दो बार सीएम का फोन आ चुका है, लेकिन मैंने कह दिया कि मैं मेरे कार्यक्रम नहीं बदलूंगा। मैंने सीएम को कहा कि आप कहेंगे तो चुनाव जिता दूंगा और आप कहेंगे तो चुनाव हरा भी दूंगा।''

भंवरलाल मेघवाल का ऐसा बयान आते ही राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी शुरू हो गई। भला गहलोत के मुख्यमंत्री रहते हुए भंवरलाल मेघवाल ऐसा बयान दें, यह बात कांग्रेसियों को जंच नहीं रही। वैसे, भंवरलाल मेघवाल अपने बड़बोलेपन वाले बयानों के चलते कई बार चर्चा में आए हैं। गुरुवार को जब वे चुरू में थे तो, वहां कार्यक्रम में प्रधान गणेश ढ़ाका, देहात अध्यक्ष विद्याधर बेनीवाल, अमरसिंह भोमिया, धर्मेन्द्र कीलका, उप प्रधान दीवानसिंह भानीसरिया सहित अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
इससे पहले मंत्री आगमन पर ग्रामीणों ने बैंड-बाजों के नाचते गाते उनका स्वागत किया। गहलोत का मजाक उड़ाते जो बयान दिया, वह गोंदूसर गांव के राजकीय स्कूल में कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में दिया। यहां मेघवाल ने ग्रामीणों को सम्बोधित किया था।












Click it and Unblock the Notifications