Rajasthan Government Scheme: मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए रिकॉर्ड आवेदन, ऐसे करें अप्लाई
Rajasthan Government Scheme: राज्य सरकार की मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। 22 जनवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब तक करीब 21,500 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जो तय लक्ष्य से दोगुने से भी अधिक हैं। इस वित्तीय वर्ष में 10,000 युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि राज्य बजट 2026-27 में 30,000 युवाओं को इस योजना से जोड़ने की घोषणा की गई है।
उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त सुरेश ओला (Suresh Ola) ने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वरोजगार का मजबूत ईकोसिस्टम तैयार करना है। इसके लिए विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। जिला महाप्रबंधकों द्वारा आवेदनों की जांच शुरू कर दी गई है और अब तक लगभग 1,500 आवेदन बैंकों को ऋण स्वीकृति और वितरण के लिए भेजे जा चुके हैं।

Rajasthan Government Scheme: 21,500 आवेदन अलग-अलग जिलों से मिले
- आवेदन के आंकड़े बताते हैं कि जयपुर, चूरू और बीकानेर जिलों में युवाओं का खास उत्साह देखने को मिला है। जयपुर में सर्वाधिक 1,358 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि चूरू में 1,172 और बीकानेर में 1,028 आवेदन आए हैं।
- इसके अलावा, झालावाड़, हनुमानगढ़, बाड़मेर, दौसा, श्रीगंगानगर, अजमेर, बूंदी, जोधपुर, सीकर, नागौर, टोंक, करौली, बारां, झुंझुनूं, भीलवाड़ा, भरतपुर, डीडवाना-कुचामन, सवाई माधोपुर और अलवर सहित 19 जिलों में 500 से अधिक आवेदन दर्ज किए गए हैं।
CM Youth Self Employment के लिए हैं जरूरी शर्तें
इस योजना के तहत 8वीं से 12वीं पास युवाओं को सेवा और व्यापार क्षेत्र के लिए 3.5 लाख रुपये तथा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए 7.5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। साथ ही अधिकतम 35,000 रुपये की मार्जिन मनी भी उपलब्ध कराई जाएगी। स्नातक, आईटीआई या इससे अधिक योग्यता रखने वाले आवेदकों को सेवा और व्यापार क्षेत्र के लिए 5 लाख रुपये और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा। इन श्रेणियों में 50,000 रुपये तक की मार्जिन मनी दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए युवा अपनी एसएसओ आईडी और ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications