Rajasthan Budget 2026: राजस्थान के लिए बजट में बंपर ऐलान, मिलेंगे 90 हजार करोड़, कहां से आएंगे इतने पैसे?
Rajasthan Budget 2026: देश के आम बजट 2026 में राजस्थान को मिलने वाली केंद्रीय करों की हिस्सेदारी में मामूली कटौती की गई है। पहले यह हिस्सेदारी 6.026 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 5.926 प्रतिशत रह गई है। हालांकि प्रतिशत कम होने के बावजूद राज्य को मिलने वाली कुल धनराशि में बढ़ोतरी हुई है और इस बार राजस्थान को 90,445 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 7,000 करोड़ रुपये अधिक हैं।
पिछले वित्त वर्ष में राजस्थान को केंद्रीय करों से 83,940 करोड़ रुपये मिले थे। इस बार हिस्सेदारी का प्रतिशत कम होने के बावजूद कुल राशि बढ़कर 90,445 करोड़ रुपये हो गई है। यह बढ़ोतरी केंद्र से राज्यों को होने वाले कुल कर हस्तांतरण में वृद्धि के कारण संभव हुई है।

Rajasthan Budget 2026: किस कर से कितना हिस्सा
राजस्थान को मिलने वाली 5.926 प्रतिशत हिस्सेदारी विभिन्न करों से इस प्रकार तय की गई है
कॉरपोरेशन टैक्स से 26,550 करोड़ रुपये
इनकम टैक्स से 32,187 करोड़ रुपये
सेंट्रल जीएसटी से 24,736 करोड़ रुपये
कस्टम ड्यूटी से 4,825 करोड़ रुपये
एक्साइज ड्यूटी से 2,055 करोड़ रुपये
अन्य करों से 89 करोड़ रुपये
Rajasthan Budget 2026: मनरेगा बजट आवंटन में कटौती
इस बजट में मनरेगा के लिए आवंटन में कमी की गई है। पिछले वर्ष मनरेगा के लिए 88 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसमें राजस्थान को लगभग 800 करोड़ रुपये केंद्रीय हिस्सेदारी के रूप में मिलते थे। इस बार सरकार ने मनरेगा के स्थान पर "विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)" यानी VB-G RAM G योजना के तहत बजट दिया है।
नए वित्त वर्ष में इस योजना के लिए 95,692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का तर्क है कि नई योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आजीविका के अवसरों को अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ावा दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications