Rajasthan Assembly Election: राजस्थान पर बड़ा सर्वे, कांग्रेस को मिल सकती हैं 105 सीटें, जानिए BJP का हाल?
Rajasthan Assembly Election 2023: इस साल के आखिर में होने जा रहे राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा सहित प्रदेश के सभी सियासी दलों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। चूंकि, 2024 में लोकसभा का चुनाव है और ऐसे में इस विधानसभा चुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बीच राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर आईएएनएस-पोलस्ट्रैट का एक ओपिनियन पोल सामने आया है, जिसके आंकड़े कांग्रेस के लिए खुशखबरी और भाजपा के लिए झटका लेकर आए हैं।

आईएएनएस-पोलस्ट्रैट के सर्वे के मुताबिक, राजस्थान की सत्ता में एक बार फिर कांग्रेस की वापसी हो सकती है। 200 सीटों वाली राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस को 97 से 105 सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि ओपिनियन पोल में भाजपा भी कांग्रेस को कांटे की टक्कर देती हुई नजर आ रही है और उसे 89 से 97 सीटों पर जीत मिल सकती है।
भाजपा दे रही कांटे की टक्कर
वोट शेयर की अगर बात करें तो कांग्रेस के खाते में 41 फीसदी वोट शेयर जाता हुआ दिख रहा है। वहीं, भाजपा को इस विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है। वोट शेयर में कांग्रेस से भाजपा महज एक फीसदी पीछे है। आपको बता दें कि इस ओपिनियन पोल के लिए एक से 13 सितंबर के बीच 6705 लोगों से उनकी राय ली गई थी।
मुख्यमंत्री के तौर पर कौन है पहली पंसद?
इसके अलावा सर्वे में सीएम के चेहरे को लेकर भी सवाल पूछे गए, जिसमें अशोक गहलोत ने बाजी मारी। 37.9 फीसदी लोगों ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी पहली पसंद बताया। वहीं, 25.5 फीसदी लोगों के समर्थन के साथ भाजपा नेता वसुंधरा राजे सीएम के तौर पर दूसरी पसंद हैं। सचिन पायलट के पक्ष में 25.4 फीसदी लोगों ने अपनी राय दी।
कौन होगा कांग्रेस का सीएम चेहरा?
आपको बता दें कि राजस्थान विधानसभा का कार्यकाल 14 जनवरी 2024 को खत्म होगा और माना जा रहा है कि नवंबर 2023 में चुनाव कराए जा सकते हैं। यह भी तय माना जा रहा है कि कांग्रेस मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चेहरे पर ही विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हालांकि सचिन पायलट ने कई बार कांग्रेस आलाकमान को अपने बगावती तेवर दिखाए, लेकिन मौजूदा हालात को देखें तो कांग्रेस अभी भी गहलोत के पीछे ही खड़ी नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications