सड़क हादसे में मौत के बाद बेटी का 12वीं साइंस का आया रिजल्ट, मार्कशीट देख फफक पड़े परिजन
12th Science Board Result: बूंदी की जिस बेटी के 12वीं कक्षा में 91 फीसदी अंक आए, वो अपना रिजल्ट देखने से 26 दिन पहले की सड़क हादसे का शिकार हो गई। अब बेटी का रिजल्ट देख उसके माता-पिता का बुरा हाल है।

राजस्थान बोर्ड की 12वीं साइंस का रिजल्ट हाल ही में 18 मई को घोषित हुए थे। लेकिन अपने रिजल्ट को देखने के लिए बेटी गुंजन नहीं रही, जिसके परिणाम देखने के बाद उसके माता-पिता फिर से अपनी बेटी को याद कर फफक पड़े। बूंदी जिले के कापरेन कस्बे की रहने वाली 17 वर्षीय गुंजन की 23 अप्रैल को सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
गुंजन ने साइंस 12वीं की परीक्षा दी थी, गुरुवार को जारी हुए रिजल्ट में गुंजन ने 91 प्रतिशत अंक के साथ 12वीं क्लास पास की, लेकिन अपने रिजल्ट को देखने के लिए खुद होनहार बेटी नहीं थी, जिसके बाद उसके माता-पिता की आंखों से आंसू आ गए।
23 अप्रैल को सड़क हादसे में मौत
जानकारी के मुताबिक गुंजन (17) की रिजल्ट से 26 दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। कापरेन कस्बे के मुख्य बाजार में 23 अप्रैल को ट्रैक्टर ट्रोली की चपेट में आने से गुंजन मेरोठा की जान चली गई थी। गुंजन अपनी सहेली के साथ स्कूटी से कोचिंग जा रही थी।
91 फीसदी अंक लाकर पास हुई बेटी
वहीं अब जब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं विज्ञान संकाय के परिणाम जारी हुए तो मृतक छात्रा गुंजन ने 91 प्रतिशत अंक से परीक्षा पास की। इधर, बेटी का रिजल्ट देख परिवार का बुरा हाल है।
रिजल्ट देख रो पड़े परिजन
गुंजन ने गणित में 100 में से 100, केमिस्ट्री में 100 में से 85 और फिजिक्स में 100 में से 92 नंबर आए। लेकिन इस खुशी को मनाने के लिए आज खुद गुंजन इस दुनिया में नहीं है। गुंजन की मां गायत्री ने बताया कि वो आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा में जाना चाहती थी, लेकिन अफसोस की आज वो हमारे बीच में नहीं है।
बता दें कि मुकेश कुमार के 2 बेटे और एक बेटी थी। गुजन की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि गुंजन का बड़ा भाई बीए फर्स्ट ईयर में है और छोटा भाई एग्जाम की तैयारी कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications