चालक ईयरफोन लगाकर सुनता रहा गाने और डिब्बों को पटरी पर छोड़कर भाग गया इंजन
Dholpur News, धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा उपखंड के वरौली के समीप बुधवार को नेरोगेज ट्रेन का इंजन डिब्बोंं को रेल पटरियों पर ही छोड़कर 5 किमी तक चला गया। इंजन से डिब्बो को अलग होते ही ट्रेन के डिब्बो में बैठे यात्री तेज आवाज सुनकर किसी हादसा होने की आशंका में चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर इंजन को पटरी पर दौड़ाता रहा।

ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप
यात्रियो ने डिब्बो के रुकने के बाद नीचे उतर कर पूरे मामले की जानकारी और गार्ड को इंजन को रुकवाने के लिए कहा। गार्ड का फोन आने के बाद ड्राइवर ने इंजन को रोका तथा वापस इंजन को लाकर डिब्बों से कनैक्ट किया। ट्रेन यात्री आलम खान समेत अन्य ने ट्रेन के ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के वक्त ट्रेन का ड्राइवर कानों में ईयरफोन लगाकर संगीत सुनने में मस्त था, जिसको हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

नेरोगेज ट्रेन करीब एक घंटा लेट हो गई
वहीं इस मामले में ड्राइवर ने बताया कि इंजन व डिब्बों को कनैक्ट करने की क्लिप टूट जाने के कारण हादसा हुआ है, जिसका पता लगते ही इंजन को रोककर वापस लाया गया है। वरोली के समीप हादसा होने के कारण नेरोगेज ट्रेन करीब एक घंटा लेट हो गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

डिब्बे में तकनीकी खराबी आ गई
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में बैठकर अधिकांश युवक परीक्षा देने के लिए जा रहे थे, जिन्हें काफी परेशानियो का सामना करना पड़ा। इंजन वापस लौटने, डिब्बों को जोड़ने में करीब एक घंटा व्यतीत हो गया। इस दौरान ट्रेन व आसपास पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। स्टेशन प्रबंधक एनएन मिश्रा ने बताया कि एक डिब्बे में तकनीकी खराबी आ गई थी। पिन निकल जाने के कारण डिब्बा व इंजन अलग अलग हो गए थे। इस वजह से एक ट्रेन 12 मिनट देरी से आ सकी।












Click it and Unblock the Notifications