कलयुगी मां ने 1 दिन की बेटी को पानी में डुबोकर मारा, फिर तकिए को चुनरी ओढ़ाकर करती रही नाटक
Dausa News in Hindi , दौसा। राजस्थान में मां की ममता को शर्मसार करने और हर किसी को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक मां ने अपनी नवजात बेटी को सिर्फ इसलिए मार डाला कि वह कोई और संतान नहीं चाहती थी। दौसा के इस मामले में यास्मीन के दो बेटे हैं। छह मई को एक और बेटी का जन्म हुआ। बेटी पैदा होने के साथ ही मां ने उसकी हत्या की योजना बना ली। अगले दिन यास्मीन अपनी नवजात बेटी के साथ अस्पताल से घर आ गई। चालक पति मजदूरी पर चला गया। वह रात को वापस आया तो उसने पत्नी से नवजात बेटी के बारे में पूछा तो पत्नी ने जवाब दिया कि वह सो रही है।

पत्नी ने बेटी की हत्या कर उसकी जगह तकिए को चुनरी ओढ़ाकर सुला रखा था। जब यास्मीन के पति ने चुनरी हटाई तो वहां बेटी को नहीं पाकर वह हैरान रह गया। उसके बाद यास्मीन ने बेटी खो जाने का नाटक करना शुरू कर दिया। बात पूरे घर में फैल गई। यास्मीन कभी बच्ची को कोई जानवर उठा ले जाने की आशंका जताती रही तो कभी कुछ और बहाना बनाती रही।

धीरे-धीरे बात पूरे मोहल्ले को पता चल गई। हर कोई रात को नवजात बेटी को खोजने में लग गया। इसी दौरान पानी के एक गड्ढे में देखा तो उसमें बेटी मिली। यास्मीन ने बेटी को इस गड्ढे में डालकर पानी भर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन उस नन्ही सी जान को लेकर थाना पहुंचे और रिपोर्ट लिखाई।

इसके बाद पुलिस वाले उस बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसआई महेन्द्र सिंह यादव के अनुसार हत्या की आरोपी मां को अरेस्ट कर लिया गया। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह और संतान नहीं चाहती थी इसलिए जिस दिन बेटी जन्मी उसी दिन उसे मारने का मन बना लिया था और मौका पाकर हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications