राजस्थान: यहां पर सड़क पर बहा 44 हजार लीटर तेल, लोग बर्तनों में भी भरकर ले गए
जयपुर। राजस्थान में सड़क पर घी व दूध के बाद अब तेल की नदी बही है। जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में फागी रोड पर गोलीराव तालाब मोड़ पर कांडला गुजरात से मुरैना मध्य प्रदेश जा रहा राइस ब्रान तेल का टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे टैंकर में भरा 44 हजार लीटर राइस ब्रान तेल सड़क पर बह गया।

टैंकर को जब तक सीधा किया गया तब तक उसमें भरा पूरा तेल बह निकला। फागी मोड़ पीपली चौराहा से गांधी स्मारक रोड तक करीब आधा किमी तक तेल फैल गया। तेल सड़क पर बहकर नालियों में चला गया। तेल को इकट्ठा कर भरने के लिए लोगों की होड़ लग गई। करीब दो घंटे तक इस स्टेट हाइवे बाधित रहा।
पुलिस ने रास्ते को बंद करवाकर दो क्रेनों की सहायता से टैंकर को सीधा करवाया तब तक टैंकर का पूरा तेल बहकर निकल गया था। तेल को भरने के लिए लोग घरों से बड़ी बाल्टियां, चरियां, जरकिन तथा बड़े ड्रम तक ले आए तथा भर कर ले गए। लोगों को तेल किसका है यह भी पता नहीं था, लेकिन वे तो तेल भरने में लगे रहे।

बिसाऊ में चूरू रोड स्थित मदरसा के पास बीते गुरुवार दोपहर को दूध से भरा टेंकर पलट गया, जिससे सड़क पर दूध की नदी बह निकली। लोगों को जब दूध का टेंकर पलटने और उसका ढक्कन खुलने के कारण दूध बहने का पता लगने पर जिसके जो बर्तन हाथ लगा वो दूध ले जाने के लिए पहुंच गया। लोगों में बाल्टी, पीपे व जग आदि में दूध भरकर ले जाने की होड़ देखी गई।

सीकर के लोसल-डीडवाना सड़क मार्ग पर बहा घी
बिसाऊ से पहले रविवार को सीकर जिले के लोसल-डीडवाना सड़क मार्ग होते हुए वनस्पति घी से भरा टेंकर रविवार सुबह जा रहा था, जो गांव मोरडूंगा मोड के पास पलट गया। डीडवाना से सीकर आ रहे इस टेंकर के पलटने के बाद इसमें से वनस्पति घी सड़क व पास के खेत में बह निकला। साथ ही लोगों में घी लूटकर ले जाने की होड़ भी मच गई।












Click it and Unblock the Notifications