Rajasthan News: अब हर महीने होगी 10वीं और 12वीं ओपन बोर्ड की परीक्षा, ऐसा करने वाला पहला राज्य बना राजस्थान
Rajasthan News: राजस्थान में शिक्षा निदेशालय ने स्टेट ओपन बोर्ड की परीक्षाओं में महत्वपूर्ण बदलाव की घोषणा की है। 19 साल बाद बोर्ड अब 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं साल में दो बार की बजाय महीने में एक बार आयोजित करेगा। इस तरह राजस्थान ऐसी व्यवस्था लागू करने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है।
इससे पहले परीक्षाएं साल में दो बार मार्च से मई और अक्टूबर से नवंबर तक आयोजित की जाती थी। नए मासिक कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के लिए अधिक लचीलापन देना है। बोर्ड निदेशक आशीष मोदी ने कहा कि राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल अब ऑन-डिमांड परीक्षा की प्रणाली ला रहा है।

यह बदलाव जरूरी सॉफ्टवेयर तैयार होने के बाद लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत अगर किसी कक्षा में कम से कम 10 छात्र एक साथ परीक्षा देने के लिए तैयार हैं तो ओपन स्कूल इसे आयोजित करेगा। यह तरीका नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल की व्यवस्था से मिलता-जुलता है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में स्टेट ओपन स्कूल का रिजल्ट जारी किया। 10वीं में पाली की डिंपल कुमावत ने टॉप किया। जबकि 12वीं में उदयपुर की प्रियंका पंवार ने पहला स्थान हासिल किया। मंत्री मदन दिलावर ने फोन कर उन्हें बधाई दी है।
इस साल मार्च-मई 2024 ओपन स्कूल परीक्षा में 1 लाख 32 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया। नतीजों में 10वीं कक्षा के लिए 80.33 प्रतिशत छात्र पास हुए। इसमें 66 प्रतिशत लड़के और 90 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। वहीं 12वीं कक्षा के लिए 63 प्रतिशत छात्र पास हुए। जिसमें 62 प्रतिशत लड़के और 63 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं।
आज बिरला सभागार में राजस्थान स्टेट ओपन विद्यालय के संदर्भ केंद्र अभिमुखीकरण कार्यशाला में सहभागिता की। इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रदेश के समस्त संदर्भ केंद्र प्रभारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
— Madan Dilawar (@madandilawar) September 10, 2024
कार्यशाला के दौरान स्टेट ओपन विद्यालय की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। यह… pic.twitter.com/OOYIgzjcB2
राज्य स्तर पर प्रत्येक कक्षा में अव्वल आने वाले विद्यार्थी को 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि जिला स्तर पर अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपए दिए जाएंगे। राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना है।
राजस्थान सरकार ने 2005 में अपना स्टेट ओपन स्कूल शुरू किया था। अब लगभग दो दशकों के ये महत्वपूर्ण बदलाव किए गए है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस नई प्रणाली के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसका मकसद उन छात्रों की मदद करना है। जिन्हें अपनी परीक्षाएं जल्दी पास करनी हैं। ताकि वे अन्य अवसरों के लिए योग्य बन सकें।












Click it and Unblock the Notifications