नर्मदा नहर राजस्थान : अवैध पाइप लाइन के लिए गड्ढा खोदा, फिर उसी में दफन हो गए दो किसान
जालोर, 25 मार्च। राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर इलाके के गांव वांक में पानी के लिए की गई खुदाई जानलेवा साबित हुई है। नर्मदा नहर के पानी के लिए अवैध रूप से पाइप डालते दो किसानों की मौत हो गई। ये दोनों किसान उसी गड्ढे में ही दफन हो गए, जो इन्होंने अवैध पाइप के लिए खोदा था।

दरअसल, राजस्थान के पाली और जालौर जैसे कई जिलों में आज भी पीने और सिंचाई के पानी के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। जालोर जिले में गुजरात से नर्मदा का पानी नहर के जरिए पहुंच रहा है, लेकिन यह सांचौर के वांक गांव तक नहीं पहुंच पाता है। यही वजह है कि गांव के किसान नर्मदा नहर के पानी अवैध तरीके से लाने के लिए पेयजल लाइन बिछा रहे थे।
बुधवार रात को इसी पाइप लाइन के लिए खुदाई करते समय रेत ढह गई, जिससे दो किसान राजाराम (45) और दिनेश कुमार (30) दफन हो गए। अस्पताल ले जाने तक उनकी मौत हो गई। बता दें कि जालोर में साल 2008 में पहली बार नर्मदा का पानी पहुंचा था। कई गांवों की पेयजल समस्या का समाधान हो गया था, मगर वांक समेत कई गांव अभी भी वंचित हैं।











Click it and Unblock the Notifications