Rajasthan: नवजात बेटी को मां ने लावारिस छोड़ा, पत्र में लिखा-'मेरे पहले से 6 बेटियां, सास करती परेशान...'
राजस्थान के भरतपुर में जनाना अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के पास पांच दिन की नवजात बच्ची मिली। उसके साथ मिला पत्र पढ़कर भर आई लोगों की आंखें।

इस मासूम को दुनिया में आए महज पांच दिन हुए थे। इसने बस मां का आंचल, मखमली बिछौना और अपनों का प्यार चाहा था, मगर इसके अपने ही पराए हो गए। बेटी को लावारिस छोड़ दिया। कलेजे के इस टुकड़े को खुद से जुदा करते वक्त मां का दिल खूब पसीजा। शायद यही वजह है कि उसने बेटी के साथ एक पत्र भी छोड़ा और उसमें किसी से बेटी को पालने की गुहार लगाई।
Recommended Video

हर किसी के दिल को झकझोर देने वाला यह मामला राजस्थान के भरतपुर शहर का है। यहां पर जनाना अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के पास लोगों को किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। लोगों ने वहां जाकर देखा तो एक नवजात बेटी रो रही थी। उसे अस्पताल पहुंचाया।
भरतपुर जनाना अस्पताल के डॉक्टर हिमांशु के अनुसार बच्ची को प्राथमिक उपचार देकर एनआईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है। उसका वजह करीब दो किलोग्राम है। वह पूरी तरह से स्वस्थ है। फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई।
मीडिया से बातचीत में भरतपुर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजाराम भूतौली ने बताया कि लावारिस मिली बच्ची के परिजनों का पता लगाया जा रहा है। परिजन नहीं मिले या मिलने के बाद भी बच्ची को अपनाने से इनकार किया तो उसे किसी परिवार को गोद देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मां ने क्या लिखा पत्र में
जानकारी के अनुसार बच्ची के पास कपड़े और एक पत्र भी मिला। पत्र में लिखा है कि 'मेरे पहले से 6 बेटियां हैं। इसलिए सास परेशान करती है। जिस किसी को भी यह बच्ची मिले, वह उसे पाले' पत्र पढ़ने के बाद हर किसी की आंखें भर आई।












Click it and Unblock the Notifications