लेडीज सैंडल में भरकर दो किलो सोना ले आया शाहरुख, इस तरह आया पकड़ में
जयपुर। जयपुर के सांगानेर हवाई अड्डे पर दुबई से आई फ्लाइट में लेडीज सैंडलों में सोना लाने का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। सोने को सैंडलों में से निकालने में कस्टम विभाग के कर्मचारियों को 18 घंटे लग गए। इन सेंडलों में से दो किलो सोना निकला है। पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी शाहरुख खान बुधवार को एयर इंडिया की दुबई-जयपुर फ्लाइट से जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट पर उतरा था। शाहरुख लेडीज सैंडलों की खेप लाया था। इनके सोल में उसने दो किलो सोना छिपाया हुआ था। कस्टम की आंखों से बचने के लिए उसने सभी सैंडलों के सोलों पर चमड़े की परत चढ़ा रखी थी।
इस परत में ब्रांडेड कंपनी की मोहर वाली लकड़ी भी लगाई हुई थी। साथ ही, सैंडलों के सोल के नीचे प्लास्टिक का एक कवर भी था। कस्टम विभाग के उपायुक्त कुलदीप सिंह व होशियार सिंह के नेतृत्व में सैंडलों के सोल में छुपे सोने को निकालने के लिए करीब 18 घंटे का समय लगा। कस्टम अधिकारियों को पहले सैंडलों की एड़ियों से लकड़ियों को काटना पड़ा। इसके बाद वह प्लास्टिक पिघलाया जिसके नीचे सोना छिपाया हुआ था। कस्टम अधिकारियों ने सोने को जब्त कर लिया है और पूछताछ में सामने आया है कि ये यात्री पहले भी विदेश की यात्रा कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications