Kirori Lal Meena Resign: किरोड़ी लाल मीणा देंगे इस्तीफा, जानिए क्यों लिखा-'प्राण जाए पर वचन ना जाए'
Kirori Lal Meena Resign: लोकसभा चुनाव 2024 में चार जून को मतगणना पूरी होते ही राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार के आपदा मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफा की चर्चा शुरू हो गई। किसी भी वक्त मीणा अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। राजस्थान कांग्रेस भी किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफा का इंतजार कर रही है।
लोकसभा चुनाव 2024 में दौसा सीट पर किरोड़ी लाल मीणा का मंत्री पद दांव पर लगा हुआ था। चार जून को दौसा सीट पर मतों की गिनती की गई। दौसा से कांग्रेस उम्मीदवार मुरारीलाल मीणा ने जीत दर्ज की जबकि दौसा में भाजपा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा को हार का सामना करना पड़ा है।

दौसा लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। 19 लाख 3 हजार 520 मतदाताओं में से 55.57 प्रतिशत ने वोट डाले। दौसा से साल 2019 में भाजपा की जसकौर मीणा और साल 2014 में भाजपा के हरीश चंद्र मीणा चुनाव जीते थे। 2024 में मुरारी लाल मीणा की जीत के बाद दौसा में भाजपा जीत की हैट्रिक बनाने से चूक गई।
दरअसल, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा राजस्थान भाजपा के दिग्गज नेता है। ये भी मूलरूप से दौसा के ही रहने वाले हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के कन्हैयालाल मीणा के लिए खूब प्रचार किया और कई चुनावी सभाओं व रैलियों में कहा कि अगर दौसा से भाजपा हार जाएगी तो वे मंत्री पद छोड़ देंगे।
किरोड़ी लाल मीणा इस्तीफे पर ट्वीट
किरोड़ी लाल मीणा के पद छोड़ने का मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। खुद किरोड़ी लाल मीणा ने चार जून को 12 बजकर 40 मिनट पर ट्वीट कर लिखा कि रघुकुल रीति सदा चलि आई। प्राण जाई पर बचन न जाई।। (श्रीरामचरितमानस)। वहीं, राजस्थान कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि DAUSA @DrKirodilalBJP जी इस्तीफ़े का इंतजार रहेगा।
दौसा सांसदों की सूची
साल--नाम व पार्टी
1952 : राजबहादुर, कांग्रेस
1957 : जीडी सोमानी, कांग्रेस
1962 : पृथ्वी राज, स्वतंत्र पार्टी
1967 : आरसी गणपत, स्वतंत्र पार्टी
1968 : नवल किशोर शर्मा, कांग्रेस
1971 : नवल किशोर, कांग्रेस
1977 : नाथू सिंह गुर्जर, जनता पार्टी
1980 : नवल किशोर शर्मा, कांग्रेस
1984 : राजेश पायलट, कांग्रेस
1989 : नाथू सिंह गुर्जर, बीजेपी
1991 : राजेश पायलट, कांग्रेस
1996 : राजेश पायलट, कांग्रेस
1998 : राजेश पायलट, कांग्रेस
1999 : राजेश पायलट, कांग्रेस
2000 : रमा पायलट, कांग्रेस
2004 : सचिन पायलट, कांग्रेस
2009 : किरोड़ी लाल मीणा, निर्दलीय
2014 : हरीश चंद्र मीणा, बीजेपी
2019 : जसकौर मीणा, बीजेपी
2024 : मुरारीलाल मीणा, कांग्रेस












Click it and Unblock the Notifications