खाटूश्यामजी सदर थाना भवन उद्घाटन: कांग्रेस MLA-आईजी में नोकझोंक, BJP नेता काट गए फीता
Rajasthan Khatushyamji Sadar Police Station:राजस्थान के सीकर जिले के दांतारामगढ़ उपखंड में स्थित खाटूश्यामजी सदर पुलिस थाने के भवन का उद्घाटन समारोह में आईजी अजयपाल लांबा और कांग्रेस विधायक वीरेंद्र सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद की वजह फीता काटने की जिम्मेदारी बनी।
कैसे हुआ विवाद?
राजस्थान कैडर में वरिष्ठ आईपीएस व आईजी अजयपाल लांबा ने खाटूश्यामजी सदर पुलिस थाने के उद्घाटन के दौरान दांतारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे गजानंद कुमावत को फीता काटने के लिए कैंची दे दी। इस पर दांतारामगढ़ के मौजूदा कांग्रेस विधायक वीरेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई और कैंची छीनकर आईजी से खुद फीता काटने के लिए कहा। लेकिन इसी बीच गजानंद कुमावत ने फीता काट दिया, जिससे माहौल गर्मा गया।

विधायक ने जताई नाराजगी, समर्थकों ने किया प्रदर्शन
फीता काटे जाने से नाराज विधायक वीरेंद्र सिंह ने समर्थकों के साथ थाने के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि "मैं प्रोटोकॉल में आईजी से बड़ा हूं, फिर भी मुझे नजरअंदाज किया गया।"
वहीं, भाजपा प्रत्याशी गजानंद कुमावत ने कहा कि "आईजी ने फीता काटने के लिए दोनों से कहा था, लेकिन विधायक ने बेवजह विवाद खड़ा किया।"
आईजी अजयपाल लांबा का बयान
जयपुर रेंज के आईजी अजयपाल लांबा ने कहा कि "सामान्यत: किसी भी सरकारी भवन का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा किया जाता है। मैंने खुद फीता काटने से इनकार कर दिया था, लेकिन इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।"
राजनीतिक विवाद गहराया
इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। विधायक वीरेंद्र सिंह ने भाजपा प्रत्याशी पर धक्का देने का आरोप लगाया, जबकि गजानंद कुमावत ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि "मैंने किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया, लेकिन कुछ लोग अपनी अहमियत जताने के लिए बेवजह मुद्दा बना रहे हैं।"
यह भी पढ़ें- खाटूश्यामजी मंदिर में अर्जी लगाने की सही विधि क्या है? पुजारी ने बताया अर्जी कैसे लिखनी चाहिए?












Click it and Unblock the Notifications