Rajasthan: मंदिर निर्माण खुदाई में मिला 'खजाना', मजदूरों ने कलश फोड़कर बांट लिए सिक्के
राजस्थान भरतपुर जिले के बयाना कस्बे में हनुमान मंदिर निर्माण के लिए नींव खोदने पर कलश में भरे चांदी के 42 सिक्के मिले हैं।
राजस्थान में मंदिर निर्माण खुदाई के दौरान खजाना मिला है। खजाने को मजदूरों ने आपस में बांट भी लिया। हालांकि बाद में सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों से खजाने में मिले सिक्के बरामद किए।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना कस्बे के सुनार गली के पास स्थित भिकरी मंदिर परिसर में निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मजदूरों को जमीन में दबा कलश दिखाई दिया।
कलश में चांदी के करीब 42 सिक्के थे, जो मुगलकालीन हैं। कलश में मिले सिक्के मजदूरों ने आपस में बांट लिए और किसी को इनके बारे में ज्यादा नहीं बताया। हालांकि कुछ देर में ही आस-पास के लोगों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने पुलिस को इत्तला कर दी।
मीडिया से बातचीत में कोतवाली पुलिस के एएसआई मोहर सिंह ने बताया कि हनुमान मंदिर निर्माण के दौरान खुदाई में मिट्टी के कलश में चांदी के करीब 42 सिक्के मिलने की सूचना पर पहुंचे और मजदूरों से सिक्के वापस लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications