राजस्थान: सचिन पायलट की नई पार्टी की अटकलों पर क्या बोले केसी वेणुगोपाल?
सचिन पायलट के पिता राजेश पायलट की 23वीं पुण्यतिथि पर दौसा में बड़ा आयोजन है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि इसमें सचिन पायलट अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं।

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले सचिन पायलट अपनी नई पार्टी बनाएंगे या यह सिर्फ अफवाह है? इसका पता 11 जून 2023 को चलेगा। इस दिन सचिन पायलट के पिता राजेश पायलट की 23वीं पुण्यतिथि के मौके पर दौसा में बड़ा आयोजन होगा।
राजस्थान के सियासी गलियारों में यह चर्चा है कि सचिन पायलट पिता की पुण्यतिथि कार्यक्रम में अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। इस पर कांग्रेस हाईकमान की भी नजर है। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट की नई पार्टी की बात को महज अफवाह बता रहे हैं।
सचिन पायलट की नई पार्टी बनाने की बात पर राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के बाद अब कांग्रेस महासचिव और संगठन के प्रभारी केसी वेणुगोपाल की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगता। ये सब अफवाहें हैं। मेरी जानकारी में राजस्थान में ऐसा कुछ नहीं है। मेरी सचिन पायलट से 2-3 बार बात हुई थी। चिंता मत करो। हम एकजुट होकर लड़ेंगे। राजस्थान कांग्रेस साथ होगी। इन अफवाहों पर विश्वास न करें।
इनसे पहले कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सचिन पायलट की नई पार्टी बनाने की चर्चाओं के सवाल पर कहा था कि सीएम अशोक गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच सुलह का फॉर्मूला तैयार है। दोनों को इसकी जानकारी है।












Click it and Unblock the Notifications