Jaipur New Year 2026: बार या कल्ब में है नए साल की पार्टी का प्लान, तो पुलिस की गाइडलाइन जरूर करें चेक
Jaipur New Year 2026: जयपुर में नए साल की पार्टी के मौके पर शहर के प्रमुख क्लब और बार में भारी भीड़ रहने वाली है। इसके अलावा, सार्वजनिक पार्कों और दूसरी जगहों पर भी लोगों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शांति, कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने होटल, रेस्टोरेंट और बार के लिए नई गाइडलाइंस जारी की है। शहर के प्रमुख क्लब, बार और होटल मालिकों और संचालकों के साथ पुलिस अधिकारियों ने बैठक भी की है।
शहर में व्यवस्था बनाए रखने और किसी तरह के हंगामे से निपटने के लिए बैठक की गई है। इसकी अध्यक्षता विशेष पुलिस आयुक्त राहुल प्रकाश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव प्रचार ने की। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि नए साल की पूर्व संध्या पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Jaipur New Year 2026: महिलाओं की सुरक्षा के लिए निर्देश
- जयपुर पुलिस ने नए साल की पार्टी में खास तौर पर महिला सुरक्षा, ड्रिंक एंड ड्राइव और ध्वनि प्रदूषण जैसे मुद्दों पर सख्त निर्देश दिए हैं।
- विशेष पुलिस आयुक्त राहुल प्रकाश ने होटल और बार संचालकों को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम किए जाएं। सभी परिसरों में सीसीटीवी कैमरे वर्किंग होने चाहिए।
- क्लब और बार में महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती जरूरी होगी। साथ ही, डीजे और माइक का उपयोग तय नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा।
- हुक्का बार पर लगे प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
Jaipur Police की ड्रिंक एंड ड्राइव रोकने के लिए खास पहल
पुलिस ने बताया कि नए साल के मौके पर शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी की आशंका रहती है। शराब के नशे में वाहन चलाने से हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों से पुलिस ने सहयोग मांगा है। इसके तहत सभी प्रतिष्ठान अपने ग्राहकों को बिल के साथ एक 3×3 इंच की गुलाबी स्लिप देंगे। इस स्लिप पर लिखा होगा, 'शराब पीकर वाहन न चलाएं!' इसके अलावा क्लब या बार मालिकों की जिम्मेदारी होगी कि पार्किंग से निकलते समय गाड़ियों की चेकिंग हो, ताकि कोई भी ड्राइवर शराब पीकर गाड़ी लेकर न निकल सके।
Jaipur News: पोस्टर और पुलिस निगरानी अनिवार्य
होटल, रेस्टोरेंट और बार परिसर के अंदर और बाहर 2×2.5 फीट आकार के गुलाबी पोस्टर लगाए जाएंगे। इनमें से कम से कम एक पोस्टर टॉयलेट वाले इलाके में लगाना अनिवार्य होगा। हर थानाधिकारी अपने क्षेत्र के होटल और बार प्रबंधन से संपर्क कर 30 दिसंबर तक इस व्यवस्था को लागू करवाएंगे। आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर होटल, बार और रेस्टोरेंट में एक कॉन्स्टेबल या हेड कॉन्स्टेबल की नियुक्ति होगी। साथ ही, नोडल अधिकारी भी ड्यूटी पर तैनात होंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि पुलिस के निर्देशों का पालन करें और संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो इसकी सूचना दें।












Click it and Unblock the Notifications