Jaipur Chomu Violence: जयपुर के चौमूं कस्बे में कैसे भड़का सांप्रदायिक बवाल, जानिए पूरी टाइमलाइन
Jaipur Chomu Violence: राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमूं कस्बे में शुक्रवार को भारी बवाल हो गया। एक मस्जिद के बाहर रेलिंग लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हालात इतने बिगड़ गए कि उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें 6 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
प्रशासन के अनुसार, विवाद की जड़ मस्जिद के बाहर सड़क किनारे लगे पत्थरों को हटाने से जुड़ी है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, पहले प्रशासन और समुदाय के लोगों के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें खुद पत्थर हटाने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, इसके बाद भी बवाल भड़क गया और मामला हिंसक हो गया। जानें अब तक क्या हुआ:

Jaipur Chomu Violence: शुक्रवार सुबह क्या हुआ
- शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे, पत्थर हटाने के बाद वहां लोहे की रेलिंग लगाकर बाउंड्री बनाने का काम शुरू कर दिया गया था।
- इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने इस निर्माण कार्य को रोकने की कोशिश की, तो वहां भीड़ जमा हो गई और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
- कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
- इस हिंसक झड़प में 6 पुलिस जवान घायल हो गए, जिनमें से कुछ को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Chomu Violence: पुलिस-प्रशासन का एक्शन
घटना की गंभीरता को देखते हुए जयपुर के एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार और डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद भी घटना वाली जगह पर पहुंच गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा और दौलतपुरा थानों की पुलिस भी इलाके में तैनात कर दी गई है। शांति बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया है। डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस और प्रशासन को दें।
Jaipur Chomu Violence Update: सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
पुलिस उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications